विनीत मनोचा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बेटा ही निकला मास्टरमाइंड; ऐसे रची हत्या की साजिश
कानपुर के दवा कारोबारी विनीत मनोचा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में मृतक का बेटा ही मुख्य साजिशकर्ता निकला, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, बेटे ने शूटरों को सुपारी देकर अपने पिता की हत्या के वारदात को अंजाम दिलाया.
कानपुर के चर्चित दवा कारोबारी विनीत मनोचा हत्याकांड की जांच में पुलिस ने बड़ा खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस के मुताबिक, इस मामले में मृतक के बेटे सुब्रत मनोचा को गिरफ्तार किया गया है और वही पूरी साजिश का मुख्य सूत्रधार था. सुब्रत ने विशाल गौतम और राजकिशोर के साथ मिलकर पिता की हत्या की योजना बनाई थी.
पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को विनीत मनोचा की हत्या की गई थी. जांच आगे बढ़ी तो शक की सुई कई लोगों की तरफ घूमी. CCTV फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR, वैज्ञानिक साक्ष्यों और WhatsApp चैट की जांच के बाद पुलिस को कथित साजिश से जुड़े कई सुराग मिले. बेटे ने शूटरों को सुपारी देकर वारदात को अंजाम दिलाया था.
डुप्लीकेट चाबी, कपड़ों पर मिले खून के निशान
जांच के दौरान फ्लैट में प्रवेश से जुड़ी एक अहम बात भी सामने आई. पुलिस के मुताबिक, अंदर जाने के लिए डुप्लीकेट चाबी बनवाने की योजना तैयार की गई थी. पुलिस का दावा है कि यह चाबी हत्या की साजिश को अंजाम देने में महत्वपूर्ण कड़ी थी. जांच में राजकिशोर के पास से कथित तौर पर वे कपड़े भी बरामद किए गए हैं, जिसे उसने वारदात के समय पहना था.
पुलिस के मुताबिक, इन कपड़ों पर खून के निशान मिले हैं. हालांकि, इन सभी साक्ष्यों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी. पुलिस का कहना है कि पूछताछ में यह बात सामने आई कि सुब्रत अपने पिता से परेशान था और उन्हें रास्ते से हटाने की योजना बनाई गई. आरोप है कि हत्या के लिए पैसे दिए गए और फिर शूटरों के जरिए वारदात कराई गई.
पुलिस कमिश्नर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी
कानपुर के पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले की जानकारी दी. पुलिस ने सुब्रत मनोचा को हत्या की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले में सामने आए सभी साक्ष्यों और आरोपों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की तस्वीर जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
