गोरखपुर-लखनऊ में बदला मौसम, 31 जिलों में बारिश का अलर्ट; जानें अपने जिले का हाल
उत्तर प्रदेश में मानसून अब सक्रिय हो गया है. आज प्रदेश के 31 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. गोरखपुर-लखनऊ समेत कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है. यह बदलाव तीन दिनों तक रहेगा, जिससे प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. इस दौरान सुरक्षित रहने के लिए मौसम विभाग ने खुले स्थानों पर रूकने से परहेज करने की अपील की है.
उत्तर प्रदेश में मानसून आए एक हफ्ते होने को है, लेकिन अभी तक मानसून का कोई प्रभाव नजर नहीं आया. हालांकि अब भारतीय मौसम विभाग ने मानसून के रफ्तार पकड़ने की जानकारी दी है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी इनपुट के मुताबिक आज प्रदेश के 31 जिलों में खासतौर पर पूर्वांचल और अवध में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इस दौरान 50 किमी से भी अधिक स्पीड से आंधी भी चलने के आसार हैं.
मौसम विभाग के ताजे बुलेटिन के मुताबिक मानसून थोड़ा कमजोर तो है, लेकिन एक बार फिर से एक्टिव हो गया है. आज राजधानी लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बाराबंकी, सीतापुर, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा और बहराइच आदि जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट है. मौसम विभाग ने आज श्रावस्ती, बलरामपुर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, सिद्धार्थ नगर, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली मऊ, बलिया और आजमगढ़ आदि जिलों में भी बारिश की पूरी संभावना है.
बिजली गिरने का भी है खतरा
मौसम विभाग के मुताबिक आज प्रदेश के 35 से अधिक जिलों में बिजली कड़कने और बिजली गिरने की भी आशंका प्रबल है. ऐसे हालात में मौसम विभाग ने बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थान या पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचे की सलाह दी है. मौसम विभाग के मुताबिक बदले मौसम में मानसूनी बारिश का प्रभाव तीन दिनों तक रह सकता है. इस दौरान पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
अब मिलेगी गर्मी से राहत
तीन महीने से भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर प्रदेश वासियों को अब जल्द ही गर्मी से राहत मिलने वाली है. मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार तक उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश शुरू हो जाएगी. इससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कमी आएगी. हालांकि तीन दिन बाद तापमान में आंशिक बढ़ोतरी की भी संभावना नजर आ रही है. मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को ही यूपी के तापमान में कमी तो हुई लेकिन उमस के मारे लोगों का बुरा हाल था.
