UP में एक्टिव हुआ मानसून, 24 घंटे के अंदर 50 जिलों में बारिश का अलर्ट; देखें मौसम अपडेट
अगले 24 घंटे के अंदर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कई जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब का क्षेत्र बनने की वजह से बनी है.
उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है. आज सोमवार को प्रदेश के एक बड़े हिस्से में बारिश हुई है. अब अगले 24 घंटे के अंदर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कई जिलों में बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक यह स्थिति बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब का क्षेत्र बनने की वजह से बनी है.
मौसम विभाग के मुताबिक इन परिस्थितियों में अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश में मूसलाधार बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से आंधी चल सकती है. वहीं कई जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने का भी अंदेशा है. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन में 4 जिलों बहराइच, लखीमपुर-खीरी, मुजफ्फरनगर और पीलीभीत के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है.
तराई के जिलों में गिर सकती है बिजली
मौसम विभाग की ओर से तराई वाले जिलों में बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक इन जिलों में तेज़ हवाएं चल सकती है. स्थिति को देखते हुए सीएम योगी ने भी प्रदेश वासियों से सावधान रहने की अपील की है. उन्होंने कहा कि बादल गरजने के दौरान आकाशीय बिजली से बचाव के लिए भर से अनावश्यक बाहर ना निकले.
बीते 24 घंटे का हाल
बीते 24 घंटे में प्रदेश में मौसम सामान्य रहा है. सुबह 8 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक सर्वाधिक बारिश बुंदेलखंड के उरई जिले में 15 एमएम हुई. वहीं अन्य जिलों में हल्की बारिश हुई है. आज दोपहर बाद कानपुर और अलीगढ़ समेत आसपास के कई अन्य जिलों में जमकर बारिश हुई है. बारिश से पहले प्रदेश भर में खतरनाक उमस थी. हालांकि बारिश के दौरान हवाएं चलने से काफी राहत मिली है.
मंगलवार को इन जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को उत्तर प्रदेश के बहराइच, लखीमपुर खीरी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, सीतापुर, हरदोई, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं और आस पास के क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फरुखाबाद, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अम्बेडकरनगर, कासगंज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं में बिजली गिरने का खतरा है.
राजधानी में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ में मंगलवार को रेनी डे हो सकता है. सोमवार को लखनऊ में पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे. कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश भी हुई. यहां अधिकतम तापमान 36 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को यहां बारिश होने से तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट आ सकती है.