27 जिलों में छा सकता है कोहरा, दिन में गर्मी का अलर्ट; UP से ऐसे विदा ले रही सर्दी

उत्तर प्रदेश में सर्दी की विदाई हो रही है, जिससे दिन और रात का तापमान बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग ने आज 27 जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का अलर्ट जारी किया है. वहीं दिन में तेज धूप और गर्मी के आसार हैं. इस दौरान बारिश की कोई संभावना नहीं है. माना जा रहा है कि इस बार गर्मी जल्दी आएगी, जिसका असर होली से पहले ही दिखने लगेगा.

यूपी में मौसम Image Credit:

उत्तर प्रदेश में सर्दी की विदाई हो रही है. दिन और रात का तापमान धीरे-धीरे से बढ़ रहा है. हालांकि भारतीय मौसम विभाग ने आज फिर से प्रदेश के राजधानी लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, महाराजगंज, मेरठ, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, अमेठी, बाराबंकी, मैनपुरी, बुलंदशहर, चंदौली, चित्रकूट, प्रयागराज, गोरखपुर, शामली, सीतापुर समेत 27 जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक आज दिन चढ़ने के साथ तापमान भी बढ़ेगा.

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. यहां न्यूनतम तापमान भी 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. दिन चढ़ने के साथ राजधानी में चटखदार धूप खिलेगी और तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है. हालांकि सुबह और रात के समय कोहरे की वजह से थोड़ी दिक्कत आ सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक तराई वाले जिलों में कोहरा अपेक्षाकृत ज्यादा रह सकता है.

बारिश की संभावना नहीं

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र के मुताबिक पूरे प्रदेश में कहीं भी बारिश का कोई अलर्ट नहीं है. मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के मुताबिक आज सुबह-शाम को कोहरे को छोड़ दिया जाए तो पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहेगा. चटखदार धूप की वजह से दिन में हल्का पंखा चलाने की भी जरूरत पड़ सकती है. वहीं रात के समय कोहरे की वजह से अलग अलग जिलों में यातायात प्रभावित हो सकता है. हालांकि यह कोहरा छोटे-छोटे पॉकेट में रह सकता है.

जल्दी आएगी गर्मी

मौसम विभाग के मुताबिक इस बार गर्मी की आवक थोड़ी जल्दी हो रही है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस बार गर्मी जल्दी आकर देर से जाएगी. यह स्थिति वातावरण में बनी ताजी परिस्थितियों की वजह से बनी है. इसकी वजह से मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है. मौसम वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि होली से पहले ही अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक हो सकता है. इसका असर खेती-बाड़ी पर भी देखने को मिल सकता है.