उफ्! ये गर्मी… लखनऊ-नोएडा में हुआ बुरा हाल, पारा पहुंचा 40°C पार; जानें UP में वीकेंड में कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में मार्च महीने में ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है, अलग अलग हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. भारतीय मौसम विभाग ने अब एक नए पश्चिमी विक्षोभ की संभावना जताई है, जिसके कारण रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-पानी और बिजली गिरने की संभावना जताई है. वहीं, दो दिन की राहत के बाद फिर तापमान बढ़ेगा. डॉक्टरों ने बच्चों और बुजुर्गों को स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है.
मार्च का महीना आधा भी नहीं गुजरा, उत्तर प्रदेश में मौसम अभी से तेवर दिखाने लगा है. नोएडा-गाजियाबाद, आगरा-लखनऊ समेत प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सिसयस को पार कर गया है. उत्तराखंड के सीमावर्ती जिलों में भी तापमान तेजी से बढ़ने लगा है. भारतीय मौसम विभाग ने आज शनिवार को पूरे प्रदेश में मौसम गर्म और शुष्क रहने के आसार प्रकट किए हैं. मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र की ताजा बुलेटिन के मुताबिक इस समय प्रदेश में तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है.
मौसम विभाग के मुताबिक आज तो प्रदेश में कहीं बारिश होने की संभावना नहीं है, लेकिन कल रविवार को प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में आंधी पानी के आसार हैं. ताजा बुलेटिन में मौसम विभाग ने दावा किया है एक नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से रविवार को मौसम में बदलाव होगा. रविवार को पूर्वी एवं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आंधी पानी देखने को मिल सकती है. इस दौरान कई जगह बादल गरजने और बिजली गिरने की भी घटनाएं हो सकती हैं. वहीं सोमवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश भींगा-भींगा रहेगा.
फिर बढ़ेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में इस संभावित बदलाव से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत तो मिलेगी, लेकिन इसके बाद फिर से तापमान बढ़ने की संभावना है. फिलहाल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, बनारस, कानपुर, नोएडा, मेरठ, आगरा और गाजियाबाद आदि शहरों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. वहीं न्यूनतम तापमान भी 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है.
डॉक्टरों ने दी ये सलाह
डॉक्टरों के मुताबिक मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है. दिन में मौसम गर्म तो रह ही रहा है, रात का तापमान भी बढ़ने लगा है. वहीं रविवार को संभावित आंधी पानी की वजह से दिन और रात के तापमान का बढ़ने के पूरे आसार हैं. ऐसे हालात में बच्चों और बुजुर्गों को अपने स्वास्थ्य को लेकर संभलने की जरूरत है. ऐसे मौसम में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ सकता है. डॉक्टरों ने ऐसे मौसम में लोगों को पूरे कपड़े पहन कर रहने की सलाह दी है.