यूपी में फिर भयंकर गर्मी की वापसी, 5 से 7 डिग्री तक बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, 23 जून तक गर्मी से प्रदेश वासियों को राहत मिल सकती है. दरअसल, 20-23 जून तक झारखंड के रास्ते मानसून यूपी के सोनभद्र में एंट्री कर सकता है.इससे मौसम सुहावना हो सकता है.
यूपी में अगले 2 से 3 दिन भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल सकता है. गर्मी के साथ लू चलने की भी संभावना जताई गई है. वाराणसी, गोरखपुर, आजमगढ़, बस्ती जैसे जिले में आपको तपती जलती गर्मी सहन करनी पड़ेगी. अस्पतालों में लू से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हो सकता है.
मॉनसून के कमजोर रहने की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक उम्मीद है कि दो-तीन दिन ही गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा. उसके बाद 20-23 जून तक झारखंड के रास्ते मानसून यूपी के सोनभद्र में एंट्री कर सकता है. हालांकि, मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत हैं.
कमजोर मॉनसून से किसानों को हो सकता है नुकसान
मौसम विभाग का कहना है जनवरी-मार्च में उत्तरी गोलार्ध में बनी कम बर्फ भी मानसून को प्रभावित कर सकती है. ऐसी स्थिति में उत्तर प्रदेश में सामान्य से कम बारिश हो सकती है. किसानों के लिए यह चिंताजनक स्थिति हो सकती है. दरअसल, किसानों को अपनी खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त पानी की आवश्यकता होती है.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
सोमवार को उत्तर प्रदेश का बांदा सबसे अधिक गर्म रहा. यहां पर अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. फिर प्रयागराज और ओरई गर्म शहर रहे. यहां अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री रहा. फिर झांसी में 40.9 और हमीरपुर में 40.2 डिग्री अधिकतम तापमान रहा. वहीं, कम तापमान वाले शहरों की बात करें तो नजीबाबाद 21.5 डिग्री के साथ पहले स्थान पर रहा. फिर फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 24.2 रहा. वहीं, हरदोई में 24.5,बाराबंकी और अयोध्या में 25 डिग्री रहा.
7 डिग्री तक बढ़ेगा पारा
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 3 से 4 दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. लोगों को एक बार फिर लू की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है. अधिकांश जिलों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है. इसका असर दिखना भी शुरू हो गया है.
