कैराना के पलायन पर बोले CM योगी- डेमोग्राफी बदलने की साजिश थी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामली की जनसभा में समाजवादी पार्टी और बसपा की पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक दशक पहले शामली दहशत, पलायन और गुंडाराज की पहचान था, जबकि आज एक्सप्रेसवे, कानून-व्यवस्था और विकास का बड़ा केंद्र बन चुका है. उन्होंने कैराना पलायन, बंद चीनी मिलों और कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए वर्तमान सरकार की उपलब्धियां गिनाईं.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शामली में आयोजित जनसभा से समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की पूर्व सरकारों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि एक दशक पहले शामली की पहचान दहशत, पलायन और गुंडाराज से होती थी, लेकिन आज यही जिला विकास, कानून-व्यवस्था और एक्सप्रेसवे नेटवर्क का बड़ा केंद्र बन चुका है. सीएम ने कहा कि आज से दस साल पहले लोग पूछते थे कि शामली जिला आखिर कहां है?’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ’10 साल पहले यह जिला दहशत और भय का प्रतीक बन चुका था… यहां से पलायन होता था, सरेआम गुंडागर्दी होती थी और आम नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करता था.’ सीएम योगी ने अपने संबोधन में कैराना पलायन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उस समय कैराना और कांधला में लोगों को पलायन के लिए मजबूर किया गया. उन्होंने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से इलाके की डेमोग्राफी बदलने की कोशिशें हो रही थीं.
अब एक्सप्रेसवे का ‘त्रिवेणी संगम’ बना शामली
सीएम योगी ने कहा कि बहन-बेटियां घर से बाहर निकलने में डरती थीं, किसान आत्महत्या के लिए मजबूर था, नौजवान निराश था और उद्योग-धंधे पूरी तरह चौपट हो चुके थे. सीएम योगी ने कहा कि आज का शामली पूरी तरह बदल चुका है. उन्होंने कहा, ‘जैसे प्रयागराज त्रिवेणी संगम के लिए जाना जाता है, वैसे ही आज शामली दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, शामली-अंबाला एक्सप्रेसवे और प्रस्तावित शामली-गोरखपुर एक्सप्रेसवे के त्रिवेणी संगम के रूप में उभर रहा है.’
चीनी मिलों को लेकर सपा-बसपा पर हमला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन परियोजनाओं से न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, बल्कि उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे. सीएम ने गन्ना किसानों और चीनी उद्योग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि 2007 से 2017 के बीच सपा और बसपा की सरकारों में उत्तर प्रदेश की 29 चीनी मिलें बंद हो गईं. उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से 21 चीनी मिलों को औने-पौने दामों पर बेच दिया गया.
कानून-व्यवस्था में बदलाव का दावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है, अपराध और माफिया पर प्रभावी कार्रवाई की गई है, जिसके कारण निवेश का माहौल बेहतर हुआ है और विकास परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि पहले जहां लोग भय के कारण पलायन कर रहे थे, वहीं अब प्रदेश में निवेश आ रहा है और नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं. सरकार की प्राथमिकता सुरक्षा, विकास और किसानों की समृद्धि है.
कांवड़ियों से अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘मैं सभी कावंड़ संघों से विनम्र अपील करूंगा कि याद रखना हम सब श्रीराम के वंशज हैं,श्रीकृष्ण के अनुयायी हैं और भोले शंकर के भक्त हैं… हम सब इस बात को ध्यान रखेंगे,राम की मर्यादा, कृष्ण की लीला,और शंकर की समरसता, जीवंतता हमेशा हमे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती है… जीवन मे धैर्य,अनुशासन हमारी सबसे बड़ी पूंजी होनी चाहिए, छोटी छोटी बातों को लेकर कहीं हुड़दंगी नही होनी चाहिए.’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘अगर कहीं कोई हुड़दंगी, या अनुशासन हीनता होगी तो इस प्रकार के दृश्य जितने विरोधी है, ये सब इसे नोट करके रखेंगे, और फिर कावंड़ यात्रा को पूर्व की भांति येन केन प्रकारेण अन्य जगहों से दबाव बनाने का प्रयास करेंगे… याद रखना… कावड़ के लिए सरकार उनकी सुरक्षा, सुविधा और उनकी भक्ति को साकार करने के लिए हर प्रकार का सहयोग कर रही है. यही डबल इंजन की सरकार है जो आस्था का सम्मान कर रही है.’