सतुआ बाबा से रवि किशन तक… इन 52 लोगों को बुलेटप्रूफ जैकेट क्यों दे रही योगी सरकार?
केंद्रीय गृहमंत्रालय के इनपुट पर योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के 52 प्रमुख व्यक्तियों को बुलेटप्रूफ जैकेट देने का निर्णय लिया है. इनमें 47 नेता, 3 अधिकारी/जज और 2 संत (जैसे सतुआ बाबा और वासुदेवानंद सरस्वती) शामिल हैं. यह कदम आगामी विधानसभा चुनावों से पहले सुरक्षा कारणों से उठाया गया बताया जा रहा है.
केंद्रीय गृहमंत्रालय के इनपुट के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश के 47 नेताओं को बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाने का फैसला किया है. इसी क्रम में 3 अधिकारियों और जजों के अलावा 2 साधु-संतों को भी बुलेटप्रूफ जैकेट दिया जा रहा है. उत्तर प्रदेश सरकार ने आगामी विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश के प्रमुख लोगों की सुरक्षा की दृष्टि से ये बड़ा कदमा उठाया है. ये बुलेटप्रूफ जैकेट तीन चरणों में दिए जाएंगे. पहले चरण में ये बुलेट प्रूफ जैकेट 8 लोगों को दिए जाएंगे.
इनमें उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, पूर्व सीएम मायावती और अखिलेश यादव के अलावा डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, तथा राज्य सभा सांसद दिनेश शर्मा के अलावा महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा बिष्ट का नाम शामिल है. इसी प्रकार दूरी लिस्ट सरकारी सुरक्षा प्राप्त 11 नेताओं की बनी है. इसमें मंत्री नंदगोपाल नंदी, स्वतंत्रदेव सिंह, जयवीर सिंह, लक्ष्मी नारायण चौधरी, बेबीरानी मौर्य, ओमप्रकाश राजभर, संजय निषाद, सुरेश खन्ना, दयाशंकर सिंह, बलदेव सिंह ओलख और पूर्व मंत्री सुरेश राणा का नाम शामिल है.
तीसरी लिस्ट में 33 नाम
उत्तर प्रदेश सरकार ने तीसरे चरण में जिन 33 लोगों को बुलेटप्रूफ जैकेट दिया जाना है, उनकी भी लिस्ट जारी कर दी है. इसमें पूर्व राज्य सभा सांसद विनय कटियार, सतीश चंद्र मिश्रा, प्रमोद तिवारी, साक्षी महाराज, पूर्व राज्यपाल फागू चौहान, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा, सांसद बृजलाल, पूर्व सांसद राजवीर सिंह, और गोरखपुर से सांसद रविकिशन का नाम शामिल है. इनके अलावा रिटायर्ड जज सुधीर अग्रवाल, केरल हाईकोर्ट के जज दिनेश सिंह, और पूर्व डीजीपी प्रशांत कुमार को भी बुलेटप्रूफ जैकेट दिए जाएंगे.
इन विधायकों को सुरक्षा कवच
सरकार की ओर से जारी तीसरी लिस्ट में कुछ विधायकों के भी नाम है, जिन्हें बुलेटप्रूफ जैकेट दिया जाना है. इनमें पूर्व विधायक और बीजेपी नेता संगीत सोम, पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह, एमएलसी विशाल सिंह चंचल, रायबरेली विधायक अदिति सिंह, डॉ. राजेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री महेंद्र नाथ पांडेय, विधायक जयवीर सिंह, रामपुर विधायक आकाश सक्सेना, नोएडा विधायक पंकज सिंह, कौशांबी विधायक पूजा पाल, गोरखपुर विधायक फतेह बहादुर सिंह का नाम है. इसी प्रकार इस लिस्ट में दो संतों सतुआ बाबा और शंकराचार्य वासुदेवानंद सरस्वती का भी नाम है.
98 लोगों को मिली है सुरक्षा
यूपी में कुल 98 नेताओं को अलग अलग श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई है. इनमें से 52 लोगों को अब सरकार ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनाने की कोशिश की है. बताया जा रहा है कि एक बुलेटप्रूफ जैकेट की कीमत करीब 10 लाख रुपये है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि इन नेताओं को किस तरह का खतरा है. इसी के साथ इन सभी ये जैकेट पहनाना भी किसी चुनौती से कम नहीं है. दरअसल इस जैकेट का वजह ही 6 से 8 किलो के आसपास है.
