बॉयफ्रेंड के बाहों में थी बहन, देखते ही 3 भाईयों ने दे दी खौफनाक सजा; BF की ऐसे बची जान

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. तीन भाइयों ने अपनी बहन को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में देखकर पीट-पीटकर हत्या कर दी. प्रेमी हमलावरों से बचकर निकलने में सफल रहा. वारदात के बाद आरोपियों ने बहन के शव को जला दिया. पुलिस ने जांच कर तीनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना प्रेम संबंध को लेकर हुई थी.

महाराजगंज में ऑनर किलिंग

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है. यहां तीन भाइयों ने पीट-पीटकर बहन की हत्या कर दी. वहीं उसके प्रेमी को अधमरा कर दिया. गनीमत रही कि प्रेमी को मौका मिल गया और वह भागने में सफल हो गया. इससे उसकी जान बच गई. वारदात के बाद आरोपियों ने बहन के शव को जला दिया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों आरोपी भाइयों को अरेस्ट कर लिया है. मामला महाराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर रात का है.

पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाली एक युवती का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम संबंध था. दोनों अक्सर छुप-छुपकर मिलते थे. गुरुवार की सुबह युवती की मां और भाई रिश्तेदारी में गए थे. चूंकि देर शाम तक वह वापस नहीं लौटे तो युवती को लगा कि वह अब सुबह ही आएंगे. ऐसे में युवती ने अपने प्रेमी को घर में बुला लिया. इतने में देर रात युवती का एक भाई घर आ गया. उसने देखा कि कमरे में उसकी बहन अपने प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हाल में है.

दोनों को बनाया बंधक

इसके बाद युवती के भाई ने अपनी बहन और उसके प्रेमी को कमरे में बंद कर दिया और फोन कर अपने दोनों भाइयों को बुला लिया. फिर इन दोनों भाइयों के आने के बाद तीनों ने मिलकर पहले बहन के प्रेमी पर लोहे के रॉड से हमला किया. इस हमले में बहन का प्रेमी अधमरा हो गया. इसी बीच भाई अपनी बहन को पीटने लगे. ऐसे में मौका देखकर युवक वहां से भाग निकला. इधर, तीनों भाइयों ने पीट-पीटकर बहन की हत्या कर दी.

नदी के किनारे फूंक दिया शव

पुलिस के मुताबिक आरोपी अगले दिन यानी शुक्रवार की सुबह बहन के शव को पिकअप में डालकर गोरखपुर के सहजनवा क्षेत्र स्थित के सिसई घाट ले आए, जहां बिना किसी को सूचना दिए शव को जला दिया और चुपचाप घर आ गए थे. उधर, प्रेमी की शिकायत पर पुलिस ने पहले मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था. लेकिन जब युवक ने एसपी से गुहार लगाई तो पुलिस ने पूरे मामले की जांच की और इस ऑनर किलिंग का खुलासा हुआ.

ऐसे मिटाए साक्ष्य

शनिवार को मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया. सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम की अगुवाई में पहुंची टीम ने घटनाक्रम से साक्ष्य एकत्र किया है. इसमें पता चला कि आरोपी भाइयों ने वारदात के बाद घर की विधिवत सफाई की थी. वहीं खून से सने कपड़ों को जला दिया था. पुलिस ने तीनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. महराजगंज के एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के मुताबिक मामले की जांच गंभीरता के साथ की जा रही है.

Follow Us