बांदा में तापमान 45 डिग्री पार, लखनऊ-कानपुर में चली लू; UP में गर्मी का कहर

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. बांदा में तापमान 45°C पार कर गया, जबकि लखनऊ-कानपुर में लू चल रही है. मौसम विभाग ने बताया कि शुष्क हवाओं और प्रतिचक्रवात के असर से पूरे प्रदेश में तापमान बढ़ा है. आगामी दिनों में गर्मी और बढ़ने की आशंका है. मौजूदा परिस्थितियों में आग लगने की घटनाओं में भी तेजी से वृद्धि हुई है.

उत्तर प्रदेश में सताएगी गर्मी

उत्तर प्रदेश के मौसम में बड़ी तेजी से उतार चढ़ाव हो रहा है. दो दिन पहले बारिश हुई, अब अचानक से तापमान ने उछाल मारी और प्रदेश का अधिकतम तापमान का औसत 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. राजधानी लखनऊ में शनिवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. वहीं बांदा जिले में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के भी पार चला गया. रही सही कसर पश्चिम दिशा से चलने वाले पछुआ हवाओं ने पूरा कर दिया. इन परिस्थितियों में पूरे प्रदेश में लू चलने जैसी स्थिति बन गई.

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक मौसम साफ होने की वजह से तेज धूप हो रही है. शुष्क पछुआ हवाएं चल रही हैं और आंतरिक महाराष्ट्र के पास बने प्रतिचक्रवात के संयुक्त असर की वजह से अप्रैल में पूरा उत्तर प्रदेश तपने लगा है. प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रामनगरी अयोध्या तक और बुंदेलखंड से लेकर पूर्वांचल तक अधिकतम तापमान में तेजी से वृद्धि हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक चूंकि अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर भी कम हो गया है, इसलिए दिन में तो लू चल ही रही है, रात में भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही.

और बढ़ेगा तापमान

मौसम विभाग के लखनऊ केंद्र से जारी ताजा बुलेटिन के मुताबिक उत्तर प्रदेश के तापमान में अभी और इजाफा होना है. मौसम विभाग के मुताबिक इस सीजन में पहली बार राजधानी लखनऊ का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया. यहां कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. वहीं उत्तर प्रदेश के बांदा में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया. मौसम विभाग की बुलेटिन के मुताबिक अगले दो दिनों में राजधानी लखनऊ का तापमान 42°C से भी अधिक हो सकता है.

गर्मी से बेहाल हुआ पूरा यूपी

उत्तर प्रदेश में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को अभी से बेहाल कर दिया. शनिवार को बांदा में लू चली. यहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसी प्रकार बुंदेलखंड के अन्य जिलों झांसी, जालौन और ललितपुर में भी तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया. उधर, पूर्वांचल में प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी और प्रतापगढ़ आदि जिलों में भी लू चली. आज पूरे पूर्वांचल में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहने के आसार हैं. हालात को मौसम विभाग ने यहां अगले तीन दिनों तक लू की चेतावनी जारी की है.

आग की दहशत

भयानक गर्मी और तेज हवाओं की वजह से पूरे प्रदेश में आग लगने का खतरा बढ़ गया है. शनिवार को ही प्रदेश के लगभग सभी जिलों में आग लगने की घटनाएं हुई. इसमें करोड़ों रूपये की संपत्ति बर्बाद हुई है. अग्नि शमन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक इस मौसम में छोटी सी आग भी बेकाबू हो जा रही है. उत्तर प्रदेश में बलिया के हल्दीरामपुर गांव में ही आग लगने से पूरी की पूरी राजभर बस्ती साफ हो गई. वहीं बनारस, प्रयागराज, गाजियाबाद, मुरादाबाद और शाहजहांपुर आदि जिलों में भी बड़ी आग की घटनाएं हुई हैं.

Follow Us