हाथों में हथकड़ी, बाहर कड़ा पहरा; लॉकअप से लापता हुआ युवक तो परिजनों पर आफत बन टूट पड़ी पुलिस

महोबा में पुलिस हिरासत से एक युवक लक्ष्मीनारायण के रहस्यमय ढंग से लापता होने से हड़कंप मच गया है. युवक को हथकड़ी लगाकर पुलिस चौकी में रखा गया था. अब पुलिस परिजनों को धमका रही है और युवक को ढूंढने का दबाव बना रही है, जिससे परिजन अनहोनी की आशंका जता रहे हैं. पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए एसपी से गुहार लगाई है, जिसके बाद जांच के आदेश दिए गए हैं.

अजनेर थाना, महोबा

उत्तर प्रदेश के महोबा में पुलिस की कार्यशैली पर एक बार फिर गंभीर सवाल उठे हैं. यहां पुलिस ने एक युवक को अरेस्ट किया. उसके हाथों में हड़कड़ी डालकर पुलिस चौकी में बैठा दिया. तभी वह युवक संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया. इसके बाद पुलिस ने युवक के परिजनों पर जमकर कहर बरपाया है. उन्हें धमकी दी है कि युवक नहीं मिला तो पूरे परिवार को जेल भेज दिया जाएगा. खौफ में परिजनों ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है. वहीं एसपी ने जांच के आदेश कतरे हुए जिम्मेदारी सीओ कुलपहाड़ को सौंपी है.

मामला महोबा में अजनर थाना क्षेत्र की धर्वरा पुलिस चौकी का है. यहां की पुलिस नेपठारी गांव में रहने वाले सोहन लाल सेन के बेटे लक्ष्मीनारायण को शराब के ठेके के पास से अरेस्ट किया था. पुलिस का कहना है कि ठेका संचालक ने लक्ष्मीनारायण के खिलाफ शिकायत दी थी. आरोप लगाया था कि लक्ष्मीनारायण ने उसके साथ मारपीट की है. परिजनों का कहना है कि ठेका संचालक के दबाव में पुलिस ने लक्ष्मीनारायण को हिरासत में लेकर धर्वरा पुलिस चौकी में बुरी तरह पिटाई की है.

जताई अनहोनी की आशंका

परिजनों के मुताबिक लक्ष्मीनारायण के हाथों में हथकड़ी लगी थी. चौकी पर कड़ा पहरा था. इसके बावजूद पुलिस का कहना है कि वह चौकी से भाग गया है. परिजनों ने आशंका जताई कि कहीं पुलिस के टॉर्चर से लक्ष्मीनारायण की मौत ना हो गई हो. इसे छिपाने के लिए पुलिस पीड़ित परिवार को ही धमका रही है. पुलिस ने परिवार को चेताया है कि लक्ष्मीनारायण के वापस चौकी ना आने पर पूरे परिवार को जेल भेज दिया जाएगा.

एसपी से लगाई न्याय की गुहार

अब पीड़िता परिवार ने एसपी ऑफिस पहुंच कर न्याय की गुहार लगाई है. परिजनों ने कहा कि पुलिस ने खुद ही लक्ष्मीनारायण को गायब किया है और अब पीड़ित परिवार पर कहर बरपा रही है. परिजनों की शिकायत पर एसपी शशांक सिंह ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने सीओ कुलपहाड़ रविकान्त गौड़ को मामले की जांच सौंपते हुए जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा है. इस आदेश के बाद सीओ ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

रिपोर्ट: विराग पचौरी, महोबा

Follow Us