सुल्तानपुर रोड को कनेक्ट करेगा ग्रीन कॉरिडोर, 33 करोड़ की लागत से बनेगी 4-लेन सड़क

लखनऊ में ट्रैफिक जाम कम करने के लिए ग्रीन कॉरिडोर को सुल्तानपुर रोड से जोड़ा जाएगा. 33 करोड़ की लागत से 4-लेन सड़क बनेगी, जिससे गोमती नगर विस्तार और अर्जुनगंज की दूरी घटेगी. एलडीए का यह प्रोजेक्ट 10 लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ पहुंचाएगा. इससे यात्रा सुगम होगी और शहर का विकास होगा.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक जाम खत्म करने के लिए कई योजनाओं पर काम शुरू किया गया है. इसी में से एक योजना के तहत ग्रीन कॉरिडोर को बढ़ाकर सुल्तानपुर रोड से कनेक्ट किया जाएगा. इससे गोमती नगर विस्तार से अर्जुनगंज की दूरी काफी कम हो जाएगी. इस प्रोजेक्ट के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने निर्माणाधीन ग्रीन कॉरिडोर को सुलतानपुर रोड से जोड़ने के लिए 4-लेन सड़क बनाने का फैसला किया है.

इस परियोजना पर करीब 33 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. वहीं प्रोजेक्ट पूरा होने पर 10 लाख से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्थलीय निरीक्षण के बाद यह जानकारी दी. उन्होंने निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए. उन्होंने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर के तीसरे चरण में पिपराघाट से शहीद पथ के बीच बंधा, सड़क, फ्लाईओवर और ब्रिज का काम तेजी से चल रहा है.

1800 मीटर लंबी सड़क बनेगी

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक इस रूट को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए आर्मी लैंड से मरी माता मंदिर तक 1800 मीटर लंबी 4-लेन सड़क बनाई जाएगी. इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. जल्द ही कार्यदायी एजेंसी को साइट सौंप दी जाएगी. इस नई सड़क के बनने से पुलिस मुख्यालय, ओमैक्स सिटी, इमार टाउनशिप और गोमती नगर विस्तार आने जाने वाले हजारों लोगों की यात्रा सुगम हो जाएगी.

15 जून तक पूरा होगा डालीगंज फ्लाईओवर

एलडीए उपाध्यक्ष ने ग्रीन कॉरिडोर के दूसरे महत्वपूर्ण हिस्से पक्का पुल से डालीगंज के बीच बन रहे 1.5 किलोमीटर लंबे आरओबी (रेल ओवर ब्रिज)/फ्लाईओवर का भी जायजा लिया. अधिकारियों ने बताया कि रेलवे से एनओसी मिल चुकी है. उन्होंने अधिकारियों को इस काम को पूरा करने के लिए 15 जून तक की डेडलाइन दी. बताया कि इस आरओबी के चालू होते ही खदरा, सीतापुर रोड, चौक, हुसैनाबाद और बसंतकुंज इलाकों की बड़ी आबादी को राहत मिलेगी.

Follow Us