घर में लड़ाई की वजह बना UP में गैस संकट, पति और 2 बच्चों को छोड़ मायके गई पत्नी; बोली- अब मुझसे नहीं होता

उत्तर प्रदेश में गहराते रसोई गैस संकट की वजह से अब घरों में कलह बढ़ गई है. मैनपुरी में सिलेंडर न मिलने से परेशान एक महिला ने पति और बच्चों को छोड़कर मायके का रास्ता पकड़ लिया. पति अब बच्चों के लिए मिट्टी के चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर है. यह स्थिति गैस एजेंसियों की कथित कालाबाजारी और प्रशासन के दावों के विपरीत है. इससे आम परिवारों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है.

LPG सिलेंडर (प्रतीकात्मक तस्वीर)

शासन और प्रशासन के तमाम दावों के बावजूद उत्तर प्रदेश में रसोई गैस का बड़ा संकट है. धीरे धीरे इस संकट की वजह से घरों में लड़ाई झगड़े तक होने लगे हैं. उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में तो गैस संकट से परेशान एक महिला ने तो पति और दो बच्चों को छोड़ मायके की राह पकड़ ली है. ऐसे हालात में बेचारा पति बड़ी मुश्किल से मिट्टी का चूल्हा बनाकर बच्चों के लिए रसोई बनाने की कोशिश कर रहा है. मामला मैनपुरी के बेवर कस्बा स्थित जीटी रोड का है.

यहां रहने वाले शिव शंकर अग्रवाल के मुताबिक 12 मार्च को उनके घर में गैस खत्म हो गया था. अगले दिन वह एजेंसी पर उन्होंने गैस बुकिंग की तो उन्हें मैसेज आया कि 2 मार्च को ही उन्हें सिलेंडर इश्यू हुआ है. ऐसे में एजेंसी पर आपत्ति की. सवाल उठाया कि उन्होंने इससे पहले न तो बुकिंग की और ना ही सिलेंडर लिया. फिर एजेंसी वालों ने उनके हिस्से का सिलेंडर किसे दे दिया. इस बात को लेकर काफी गहमा गहमी भी हुई. आखिर में कोई सुनवाई नहीं होने पर वह घर लौटे और पत्नी को बताया.

पति पर छोड़ दिया बच्चों का जिम्मा

इसके बाद उनकी पत्नी ने साफ कह दिया कि अब उससे नहीं होता. उसे नहीं पता कि गैस की व्यवस्था कहां से और कैसे होगी. वह खुद अपने लिए और अपने बच्चों के लिए खाने पीने का इंतजाम करें. यह कहते हुए उनकी पत्नी ने अपना बैग उठाया और मायके सौरिख चली गई. पीड़ित शिव शंकर अग्रवाल ने अपने घर में बनी विवाद की स्थिति के लिए गैस एजेंसी को जिम्मेदार ठहराया. एजेंसी पर कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके नाम पर गैस किसी और को बेच दिया गया है.

ईरान-इजरायल वॉर के चलते गहरायी स्थिति

बता दें कि ईरान इजरायल वॉर की वजह से देश में रसोई गैस का संकट पैदा हो गया है. यह स्थिति अफवाह और कालाबाजारी की वजह से और ज्यादा गहरा गया है. उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन लगातार सभी जिलों में पर्याप्त गैस की उपलब्धता का दावा कर रहे हैं, लेकिन गैस एजेंसी पर लंबी कतार अलग ही कहानी बता रही है. इस बीच कई जगह मोटी कीमत पर गैस की कालाबाजारी की भी खबरें सामने आ रही हैं.

Follow Us