निकाह के नाम पर बरेली की युवती को कश्मीर ले गए, पति बोला- 3 लाख में खरीदा है; देह व्यापार के लिए किया मजबूर

बरेली की एक युवती को धोखे से कश्मीर ले जाकर निकाह कराया गया. आरोप है कि पति ने उसे 3 लाख रुपये में खरीदने का दावा कर देह व्यापार के लिए मजबूर किया. विरोध करने पर मारपीट और नग्न तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी गई. पीड़िता ने एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है.

बरेली युवती को कश्मीर ले जाकर देह व्यापार का आरोप

बरेली की एक युवती ने अपने साथ धोखे से निकाह कराने और कश्मीर ले जाकर प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. युवती का कहना है कि दो परिचितों ने कश्मीर में अच्छे परिवार का रिश्ता बताकर उसे भरोसे में लिया. इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और अगले ही दिन शादी की प्रक्रिया शुरू कर दी गई.

युवती का आरोप है कि जम्मू-कश्मीर पहुंचने के बाद पति ने उससे कहा कि उसे तीन लाख रुपये में खरीदा गया है और अब वह अपने पैसे वसूल करेगा. इसके बाद उस पर देह व्यापार करने का दबाव बनाया गया. पीड़िता मंगलवार को बरेली के एसएसपी अनुराग आर्य के सामने पहुंची. उसने पूरी घटना बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

कश्मीर में निकाह के नाम पर फंसाने का आरोप

बहेड़ी इलाके की रहने वाली महिला के मुताबिक, पीलीभीत के जहानाबाद और बरेली के भोजीपुरा क्षेत्र के दो परिचितों ने उसकी शादी कराने की जिम्मेदारी ली थी. दोनों ने परिवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर में अच्छे घर का लड़का है और वहां उसकी शादी हो सकती है. महिला और उसकी बुजुर्ग मां उनकी बातों में आ गईं.

महिला का आरोप है कि शादी की तारीख 8 फरवरी 2025 तय की गई थी. इससे दो दिन पहले 6 फरवरी की शाम उसकी मां सामान लेने गांव गई थी. घर में महिला अकेली थी. आरोप है कि इसी दौरान दोनों परिचितों ने उसके साथ जबरदस्ती की. महिला का कहना है कि उसने विरोध किया तो उसे चुप रहने के लिए कहा गया.

साथ ही यह डर दिखाया गया कि अगर उसने किसी को बताया तो उसकी शादी टूट जाएगी. महिला के मुताबिक बदनामी और शादी टूटने के डर से उसने उस समय किसी को कुछ नहीं बताया.

तहसील में दस्तावेज, अगले दिन कश्मीर में निकाह

पीड़िता का कहना है कि 7 फरवरी को उसे बहेड़ी तहसील ले जाया गया. वहां जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के रहने वाले युवक के साथ स्टांप पर विवाह से जुड़े दस्तावेज तैयार कराए गए. इसके अगले दिन 8 फरवरी को गांव में उसका निकाह करा दिया गया. निकाह के बाद महिला अपने पति के साथ जम्मू-कश्मीर चली गई.

उसका आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसे पति के व्यवहार का पता चला. महिला के मुताबिक पति शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था. इसी दौरान पति ने कथित तौर पर उससे कहा कि उसे तीन लाख रुपये में खरीदा है और अब वह अपने पैसे वसूल करेगा. महिला का आरोप है कि इसके बाद उसे देह व्यापार करने के लिए मजबूर किया जाने लगा.

नग्न तस्वीरें वायरल करने की धमकी का भी आरोप

पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जब उसने देह व्यापार करने से इनकार किया तो उसे लगातार धमकाया गया. महिला का कहना है कि उसकी नग्न तस्वीरें फेसबुक पर डालने की धमकी भी दी गई. महिला ने काफी समय बाद मौका देखकर किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब रही और वह बरेली स्थित अपने घर वापस आई.

अब महिला ने पूरे मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. एसएसपी अनुराग आर्य ने महिला को कार्रवाई का भरोसा दिया है. उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

Follow Us