रात का अंधेरा और जंगल में दौड़ी रोडवेज की बस; हलक में अटकी यात्रियों की जान

मथुरा से बरेली जा रही रोडवेज बस का ड्राइवर नशे में हाईवे छोड़ जंगल में ले गया. इससे करीब 25 यात्रियों की जान हलक में अटक गई. इसी दौरान एकबार बस गड्ढे में फंसी और पलटने से बची. यात्रियों ने ड्राइवर पर अभद्रता करने व नशे में गाड़ी चलाने का भी आरोप लगाया है. शिकायत के बाद रोडवेज प्रबंधन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में मथुरा से बरेली के लिए रोडवेज की बस में सफर कर रहे यात्रियों की जान उस समय हलक में अटक गई, जब ड्राइवर ने हाईवे छोड़ कर बस को खेत और जंगल में दौड़ा दिया. बस में बैठे लोगों को पहले तो लगा कि शायद यह कोई शॉर्ट रास्ता है, लेकिन आगे जाकर बस जब गड्ढे पलटते पलटते बची तो यात्रियों में हड़कंप मच गया. यात्रियों ने जैसे-तैसे राम-राम जपते हुए अपनी यात्रा पूरी की. वहीं बरेली पहुंचने के बाद यात्रियों ने ऑनलाइन शिकायत की है.

मामला रुहेलखंड डिपो की बस का है. जानकारी के अनुसार मथुरा से बरेली आ रही रोडवेज बस नंबर यूपी-78 एलटी-6086 में करीब 25 यात्री सवार थे. देर रात बस सोरों-कासगंज के बीच पहुंची. इसके बाद बस चालक ने हाईवे छोड़ दिया. इसके बाद बस गांवों के अंदरुनी रास्तों से होते खेतों में पहुंची. फिर जंगल के रास्ते पर आ गई. यह देखकर यात्रियों ने विरोध किया, लेकिन ड्राइवर ने शार्टकट रास्ता बताकर चुप करा दिया. कहा कि आगे हाईवे मिल जाएगा. यात्रियों के मुताबिक रात का समय था और आसपास कोई दूसरा वाहन भी दिखाई नहीं दे रहा था.

पुल के गड्ढे में फंसी बस

हालात उस समय और खराब हो गए, जब पूरा जंगल ही जंगल दिखाई दे रहा था. यात्रियों के मुताबिक इसी बीच एक जगह पुल का काम चल रहा था. पिलर के लिए गहरे गड्ढे खोदे गए थे. बस इन्हीं गड्ढों में आकर फंस गई. इससे पलटने से बाल-बाल बची. लोग डर के कारण बस से नीचे उतर आए और देखा कि आगे करीब 30 से 35 फीट गहरा गड्ढा है तो सभी के होश उड़ गए. फिर बस को जैसे तैसे निकाला गया और आगे की सफर पूरी हुई. इस दौरान सभी यात्री राम-राम जपते हुए अपना सफर पूरा किए.

नशा और अभद्रता का आरोप

यात्रियों ने आरोप लगाया कि चालक सफर के दौरान नशे में था. वह फोन पर बात कर रहा था और उसकी हालत सामान्य नहीं लग रही थी. कुछ यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर चालक और परिचालक ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया. डर के माहौल में लोग चुपचाप बैठे रहे और किसी तरह बरेली पहुंचे. रोडवेज के ARM अरुण बाजपेई ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है. कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है. उन्होंने बताया कि इस रूट पर हाईवे मौजूद है तो रात में गांव और जंगल के रास्ते बस ले जाने का कोई मतलब ही नहीं. उन्होंने बताया कि तीन दिन में जांच पूरी होगी.

Follow Us