एनकाउंटर में मारा गया एक लाख का इनामी शूटर, व्यापारी को दिन दहाड़े मारी थी गोली; जानें पूरा मामला
पीलीभीत पुलिस ने पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुख्य शूटर सरबजीत सिंह को एनकाउंटर में मार गिराया है. शीतलपुर गांव के पास हुई मुठभेड़ में पुलिस और बदमाश के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें सरबजीत को ढेर कर दिया गया. इस दौरान इंस्पेक्टर समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. सरबजीत कुख्यात सुपारी किलर था और उस पर एक लाख का इनाम था.
उत्तर प्रदेश में पीलीभीत जिले की पुलिस ने एक कुख्यात बदमाश को एनकाउंटर में मार गिराया है. इस बदमाश ने बीते दिनों बिलसंडा थाना क्षेत्र में एक व्यापारी पप्पू गुप्ता की गोली मारकर हत्या कर दी थी. उसी समय से फरार चल रहे इस बदमाश को पुलिस ने शीतलपुर गांव के पास घेर लिया. इस दौरान आमने सामने की फायरिंग हुई. इसमें दो गोलियां बदमाश को लगी तो एक-एक गोली इंस्पेक्टर बिलसंडा और एक दरोगा-कांस्टेबल को लगी है. आनन फानन में सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बदमाश को मृत घोषित किया है.
इस बदमाश की पहचान लखीमपुर खीरी में उचकिया के रहने वाले सरबजीत सिंह के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक इस एनकाउंटर में बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से इंस्पेक्टर बिलसंडा जगदीप मलिक बाल-बाल बच गए हैं. वहीं दरोगा उमेश त्यागी और कांस्टेबल हरेंद्र सिंह गोली लगने से घायल हुए हैं. इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. डॉक्टरों ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई है. वहीं सीने में दो गोली लगने से घायल सरबजीत को हॉयर सेंटर रेफर किया गया, जहां उसकी मौत हो गई है.
व्यापारी को धमकाने आया था बदमाश
जानकारी के मुताबिक बिलसंडा थाना क्षेत्र में रहने वाले व्यापारी पंकज कटियार का ससुराल पक्ष के साथ कोई विवाद चल रहा था. इसी विवाद में ससुराल पक्ष ने इस बदमाश को व्यापारी को धमकाने और ना मानने पर गोली मारकर हत्या के लिए भेजा था. इसके बाद यह बदमाश 28 मई को पंकज की दुकान पर पहुंचा. इस दौरान विवाद बढ़ने पर पड़ोसी व्यापारी पप्पू गुप्ता बीच-बचाव करने आ गए. ठीक इसी दौरान सरबजीत ने गोली चला दी और पप्पू गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई थी.
गिरफ्तार हो चुके हैं 8 आरोपी
बिलसंडा थाने से महज कुछ कदम की दूरी पर हुई इस वारदात पर पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव मिश्रा ने कड़ा रूख अपनाया. उन्होंने इस मामले में चौकी इंचार्ज और दो कांस्टेबल को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया था. वहीं बाद में इसी मामले में तत्कालीन कोतवाल सिद्धांत शर्मा को भी लाइन हाजिर किया था. इसके बाद एक्शन में आई बिलसंडा पुलिस ने 8 आरोपियों को अरेस्ट किया. हालांकि इस वारदात को अंजाम देने वाला शूटर सरबजीत फरार चल रहा था. ऐसे में पुलिस ने इस बदमाश पर एक लाख का इनाम घोषित कर दिया.
सुपारी किलर था सरबजीत
मुठभेड़ में मारा गया बदमाश सरबजीत सुपारी किलर था. पप्पू गुप्ता हत्याकांड के मुकदमे में शुरू में इस बदमाश का नाम नहीं था, लेकिन इस हत्याकांड में नामजद मुख्य आरोपी रमेश चंद्र कटियार ने पूछताछ में इसका नाम बताया. इसके बाद पुलिस ने इसका नाम मुकदमे में शामिल किया. रमेश ने बताया था कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए उसने सरबजीत को हॉयर किया था. इस बदमाश के खिलाफ पहले से आधा दर्जन से अधिक हत्या और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं.
