लाखों का पैकेज, GF की भी 90 हजार सैलरी; फिर नौकरी छोड़ क्यों बाबागिरी पर उतारा आईआईटीयन अभिषेक?
मथुरा में एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है, जहां आईआईटी रुड़की से बीटेक कर चुके अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता को यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. लाखों का पैकेज छोड़कर इसने खुद को 'बाबा' बताकर ऑनलाइन प्रवचन के माध्यम से लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाया. पुलिस ने कई पीड़ित युवतियों की पहचान की है, जिससे इस ढोंगी बाबा की काली करतूतें उजागर हुई हैं.
मथुरा के गोवर्धन में पकड़े गए आईआईटी बाबा अभिषेक मिश्रा की कलई धीरे धीरे खुल रही है. ऑनलाइन प्रवचन के नाम पर हाई क्वालिफाइड लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर उनका यौन शोषण करने वाला इस इस ढोंगी बाबा की करतूत सुनकर पुलिस भी हैरान है. बचपन से ही मेधावी रहे जालसाज अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता ने आईआईटी रुड़की से बीटेक किया. लाखों के पैकेज पर कुछ दिनों तक एक एमएनसी में नौकरी भी किया. इसी दौरान इसने 90 हजार रुपये हर महीने कमाने वाली एक महिला इंजीनियर को अपने प्रेम जाल में फंसाया और फिर दोनों मथुरा में आकर बाबागिरी करने लगे.
छत्तीसगढ़ की रहने वाली इस महिला इंजीनियर के पिता ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी है. बताया कि आर्थिक संकट के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी को बीटेक कराया. इसके बाद उसकी नौकरी उसी एमएनसी में लगी, जहां आरोपी अभिषेक मिश्रा पहले से काम करता था. पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी बेटी का वेतन 90 हजार रुपये प्रति माह था, लेकिन आरोपी के झांसे में आकर उसने नौकरी छोड़ दी और उसके साथ आकर मथुरा आकर रहने लगी.
आरोपी की मां रहती थी मथुरा
पुलिस की पूछताछ में आरोपी आईआईटीयन बाबा अभिषेक मिश्रा उर्फ आदिकर्ता नारायण दास ने बताया कि वह मूलरूप से ओडिशा का रहने वाला है. उसकी मां रिटायर्ड टीचर हैं. रिटायरमेंट के बाद वह साल 2022 में गोवर्धन के राधाकुंड आ गईं थी. उन्हीं दिनों अभिषेक की इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी हुई और वह मुंबई में एक एमएनसी में नौकरी करने लगा. यही पर छत्तीसगढ़ की रहने वाली युवती से उसकी दोस्ती हो गई. इसके बाद दोनों ने नौकरी छोड़ दी और यहां मां के पास राधाकुंड आ गए. हालांकि उसकी इस हरकत पर मां के साथ विवाद हुआ और वह राधाकुंड छोड़कर ओडिशा वापस लौट गईं थीं.
ऐसे फैलाया मायाजाल
राधाकुंड आने के बाद आरोपी अभिषेक पहले संतों की कथा में जाता और उनकी स्टाइल देखने समझने की कोशिश करता था. फिर कुछ दिन बाद उसने खुद बाबा बनने की ठानी और गीता पर ऑनलाइन प्रवचन करने लगा. इसके लिए वह सोशल मीडिया और गूगल मीट के जरिये युवक और युवतियों को कनेक्ट करता और उनका ब्रेनवॉश कर अपने आश्रम में बुलाने लगा. यहां आरोपी युवक और युवतियों की जोड़ियां बनवाता और फिर लड़कियों के साथ यौन शोषण करता था.
दर्जनों लड़कियों की हुई पहचान
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इस ढोंगी बाबा की शिकार हुई दो दर्जन से अधिक लड़कियों की पहचान की है. पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी के प्रभाव में ये लड़कियां और करीब इतने ही लड़के उसके महिमा मंडन करते थे, लेकिन पूरे मामले का खुलासा होने के बाद इन सभी ने आरोपी से दूरी बना ली है. इन्हीं में से दो युवतियों ने गोवर्धन थाने पहुंचकर आरोपी अभिषेक के खिलाफ नशीला पदार्थ देकर यौन शोषण का आरोप भी लगाया है. पुलिस ने इनकी शिकायतों को भी मुख्य मुकदमे में शामिल कर लिया है.