अयोध्या के बाद मथुरा मंदिर में चंदा चोरी! दिनेश फलाहारी की चेतावनी, CBI जांच नहीं तो लेंगे जल समाधि
मथुरा के श्रीकृष्ण मंदिर में हजारों करोड़ की चंदा चोरी का आरोप लगा है. याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने सीबीआई जांच की मांग की है और मांग पूरी न होने पर जल समाधि की चेतावनी दी है. अयोध्या के बाद अब मथुरा में मंदिर में चोरी के आरोपों ने हड़कंप मचा दिया है. फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री योगी से हस्तक्षेप की अपील की है.
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि अब मथुरा के श्रीकृष्ण मंदिर में चंदा चोरी के आरोप सामने आ गए हैं. श्रीकृष्ण जन्मभूमि केस में याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने इस चंदा चोरी की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है. कहा कि ऐसा नहीं होता तो वह यमुना में जल समाधि लेंगे. उनके ऐलान के बाद मंदिर में चंदा चोरी के आरोपियों में हड़कंप मच गया है.
दिनेश फलहारी महाराज ने सीएम योगी को पत्र लिखकर सीबीआई जांच के लिए अनुरोध किया है. उन्होंने कहा कि मथुरा मंदिर में हजारों करोड़ रुपए की चंदा चोरी हुई है. इस चोरी के बाद चोरी की रकम का बंदरबांट भी हुआ है. उन्होंने कहा है कि ऐसे कलयुग की उम्मीद नहीं थी कि भगवान के मंदिर में भी चोरी हो जाए. ऐसे कलियुग में तो तो जीना ही बेकार है, जहां भगवान के आभूषण, सोना, चांदी, भगवान के मंदिर के दान- दक्षिणा को भी चोरी कर रहे हैं.
मंदिर सचिव की संपत्ति पर सवाल
फलाहारी महाराज ने मंदिर सचिव पर आरोप लगाते हुए पूछा कि उनके पास 500 करोड़ की संपत्ति कहां से आई? उन्होंने उनकी संपत्ति की जांच की मांग की. उन्होंने अपने ऊपर हुए एफआईआर पर भी प्रतिकिया दी. कहा कि सवाल उठाने पर मंदिर सचिव के कहने पर उनके गुर्गे और लडडू घोटाले में दोषी अनुराग पाठक ने चौथ वसूली का मुकदमा दर्ज कराया है. उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति ने कई वर्ष पहले भोजन त्याग दिया, नंगे पैर रहता हो, क्या वह व्यक्ति इतने बड़े माफियाओं से चौथ वसूली करेगा? हम साधारण कृष्ण भक्त किसी माफिया से चौथ ले सकते हैं क्या?
तंत्र विद्या के नाम पर ठगी के आरोप
फलहारी महाराज ने कहा कि यहां के अधिकारी नहीं जानते हैं कि मंदिर सचिव कितना पावरफुल व्यक्ति है. उसने न जाने कितने लोगों से मंदिर में तंत्र विद्या के नाम पर ठगी की है. इसके सभी सबूत उन्होंने सार्वजनिक कर दिए हैं. इसलिए उन्हें जान से मारने की धमकी मिल रही है. उन्होंने कहा कि इन पापियों के हाथ मारे जाने से तो बेहतर है कि वह यमुना जी में जल समाधि ही ले लें. उन्होंने लिखा है कि ‘मुख्यमंत्री जी आप हमारे हिंदुओं के गौरव हैं, आपको तो तुरंत संज्ञान लेकर सीबीआई जांच करानी चाहिए. साथ ही इन माफिया की संपत्ति की जांच भी करानी चाहिए’.
