‘सोने का सोना चाहिए…’ चढ़ावा चोरी पर बोले अखिलेश, कहा- रोजाना हो जांच की ब्रीफिंग

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने एसआईटी जांच की रोजाना ब्रीफिंग की मांग की, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और श्रद्धालुओं का विश्वास न टूटे. अखिलेश ने आरोप लगाया कि इस अनियमितता से अयोध्या के स्थानीय व्यापार और दर्शनार्थियों की संख्या प्रभावित हुई है, और यह भाजपा के लिए राजनीतिक कुरुक्षेत्र साबित हो सकता है.

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर बोले अखिलेश

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर भाजपा सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा कि मामले की एसआईटी जांच हो रही है, लेकिन जांच की प्रगति रिपोर्ट की रोजाना ब्रीफिंग होनी चाहिए. ताकि लोगों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब मिल सके और जांच की पारदर्शिता सुनिश्चित हो. उन्होंने कहा कि चढ़ावे, दान और बहुमूल्य शिलाओं से जुड़ी अनियमितताओं के आरोपों ने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को गहरी चोट पहुंचाई है.

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मामले को लेकर बनी अस्पष्टता से लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है और इसका असर अयोध्या आने वाले दर्शनार्थियों की संख्या पर भी दिखाई देने लगा है. दान और चढ़ावे में गड़बड़ी की खबरों के बाद अयोध्या के स्थानीय व्यापार, होटल, परिवहन और छोटे कारोबारियों की आय प्रभावित हुई है. उन्होंने सवाल उठाया कि सरकार और व्यवस्था की कथित विफलताओं का खामियाजा आम जनता क्यों भुगते?

रोज का अपडेट आना चाहिए

पूर्व सीएम अखिलेश ने कहा कि अयोध्या और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच आक्रोश और अविश्वास का माहौल है. जिन लोगों पर उंगलियां उठ रही हैं, वे सामने आने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं. इससे शंकाएं और गहरी होती जा रही हैं. ऐसे में जांच कहां तक पहुंची, इसकी नियमित जानकारी जनता को मिलनी चाहिए. इसके लिए जांच एजेंसियों को रोजाना ब्रीफिंग करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि जनता अब केवल औपचारिक जांच नहीं चाहती, बल्कि हर स्तर पर पूरी जवाबदेही तय होते देखना चाहती है. इसलिए मामले में दूध का दूध नहीं, सोने का सोना चाहिए.

भाजपा के लिए कुरुक्षेत्र बनेगी अयोध्या

सपा अध्यक्ष ने राजनीतिक हमला तेज करते हुए कहा कि अयोध्या भाजपा की राजनीति का प्रारंभिक केंद्र रही है, लेकिन अब यही भूमि उसके लिए कुरुक्षेत्र साबित हो सकती है. उन्होंने दावा किया कि मंदिर से जुड़े विवादों और भ्रष्टाचार के आरोपों ने भाजपा की नैतिक साख को नुकसान पहुंचाया है. स्थानीय स्तर पर भाजपा के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और यदि स्थिति नहीं संभाली गई तो इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है.

सीएम योगी के दौरे पर भी साधा निशाना

अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया अयोध्या दौरे पर कटाक्ष किया. कहा कि उनके भाषण में जवाब कम और चेतावनी ज्यादा दिखाई दी. उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्यक्रम राजनीतिक दबाव में आयोजित किया गया, ताकि बढ़ते जनाक्रोश को नियंत्रित किया जा सके. सपा प्रमुख ने कहा कि किसी भी राजनीतिक या प्रशासनिक हस्तक्षेप से जांच प्रभावित नहीं होनी चाहिए. उन्होंने आगाह किया कि जांच एजेंसियों को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से काम करने दिया जाए.

Follow Us