प्रेमी निकला कातिल! पहले रेप किया, प्रेग्नेंट हुई तो गला घोंटकर ले ली जान; अब पुलिस ने किया ये हाल
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर मिली युवती की हत्या का खुलासा हो गया है. यह वारदात युवती के प्रेमी ने ही अपने साथी संग मिलकर अंजाम दिया था. वारदात के वक्त युवती तीन महीने की गर्भवती थी और शादी का दबाव बना रही थी. जिसके बाद प्रेमी ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनकाउंटर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया है.
उत्तर प्रदेश के मथुरा में नौ दिन पहले यमुना एक्सप्रेसवे पर मिले एक युवती के शव गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस युवती की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके प्रेमी ने ही अपने साथी के साथ मिलकर अंजाम दिया है. यह वही प्रेमी जो युवती के साथ सात जन्म के रिश्ते की कसम खाता था. मामले की जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी प्रेमी और उसके साथ हॉफ एनकाउंटर किया है. दोनों के पैर में गोली लगी है.
बता दें कि यमुना एक्सप्रेसवे के माइल स्टोन 130 पर 13 अप्रैल को बलदेव क्षेत्र में एक युवती का शव मिला था. युवती तीन महीने की प्रेग्नेंट थी. पुलिस ने युवती की पहचान देवरिया के खैरबनूया थाना गौरी बाजार निवासी निकिता उर्फ वृंदा के रूप में कराई. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो पता चला कि पूरा मामला प्यार के नाम पर धोखे का है. वृंदा नंगला रमी थाना अछलदा औरेया बृजेश कुमार से प्यार करती थी. बृजेश ने उसे शादी का झांसा देकर संबंध बनाता था. इससे युवती प्रेग्नेंट हो गई थी.
शादी का दबाव बनाने पर मर्डर
पुलिस की जांच में पता चला है कि युवती बृजेश पर शादी के लिए दबाव बना रही थी. जबकि पहले से शादीशुदा बृजेश उसके ऊपर गर्भपात के लिए दबाव बना रहा था. ऐसे में युवती के दबाव से परेशान होकर उसने अपने साथी विकास के साथ मिलकर उसकी हत्या का प्लान बनाया. मथुरा में सीओ महावन श्वेता वर्मा के मुताबिक वृंदा अपनी सहेलियों के साथ 12 अप्रैल को वृंदावन आई थी, लेकिन यहां से नोएडा जाने की बात कहकर उनसे अलग हो गई. इसी दौरान बृजेश अपने साथी के साथ कार लेकर पहुंचा और गाड़ी में बैठाकर उसका गला घोंट दिया. इसके बाद यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे शव फेंककर दोनों फरार हो गए थे.
ऐसे हुआ एनकाउंटर
सीओ महावन श्वेता वर्मा के मुताबिक पुलिस मामले की जांच कर ही रही थी कि मंगलवार की रात एक अहम इनपुट मिला. इसमें बताया गया कि आरोपी बृजेश कार में सवार होकर कासिमपुर अंडरपास की ओर आ रहा है. इस सूचना पर पुलिस ने उत्तरी बाइपास कंजौलीघाट पुल के पास घेराबंदी की और आमने सामने की फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली मारकर उन्हें दबोच लिया है. फिलहाल दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इनके पास से दो तमंचा, चार कारतूस, कार, युवती का आधारकार्ड, एटीएम आदि बरामद किया है.