मथुरा में पेड़ा के नाम पर बिक रहा जहर, बांके बिहारी मंदिर के सामने की दुकान में छापेमारी में बड़ा खुलासा
मथुरा में पेड़े के नाम पर श्रद्धालुओं की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है. बांके बिहारी मंदिर के पास एक प्रतिष्ठित दुकान पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने छापा मारकर 200 किलो मिलावटी व दूषित पेड़ा बरामद कर नष्ट किया. पुरुषोत्तम मास में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया है.
वैसे तो मथुरा का पेड़ा दुनिया भर में प्रसिद्ध है, लेकिन इसी पेड़े के नाम पर कारोबारी अपना काला कारोबार करने से बाज नहीं आ रहे. एक तरफ पुरुषोत्तम मास में ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन के लिए दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पेड़ा कारोबारी सड़ा गला और मिलावटी माल खपाने में जुटे हैं. बुधवार को ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की. इस दौरान बांके बिहारी मंदिर के पास स्थित एक प्रतिष्ठित दुकान से भारी मात्रा में दूषित पेड़ा बरामद किया है.
अधिकारियों ने इस पूरी खेप का सैंपल भरने के साथ ही करीब 200 किलो पेड़ा नष्ट कराया है. खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पुरुषोत्तम मास में बड़ी संख्या में श्रद्धालु वृंदावन आ रहे हैं. ऐसे में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए मथुरा प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है. इस अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार मंदिरों के आसपास की दुकानों में सैंपलिंग कर रहा है.
स्टोरेज देखकर चौंक गए अधिकारी
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी वृंदावन में श्री बांके बिहारी मंदिर के निकट विद्यापीठ चौराहा स्थित प्रतिष्ठित मिठाई की दुकान में छापेमारी की. इस दौरान पेड़ा और मिठाइयां बिना रेट लिस्ट के खुले में रखी मिली. वहीं दूषित प्लास्टिक के बोरों में लगभग 200 किलोग्राम पेड़ा भंडारित किया गया मिला. यह देखकर अधिकारी भी चौक गए. अधिकारियों ने इस पूरी खेप का सैंपल भरकर तुरंत मौके पर ही सारा माल नष्ट कराया.
कई दुकानों में भरे सैंपल
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेन्द्र सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान कई प्रतिष्ठानों पर नियमों के उल्लंघन के चलते कार्रवाई की गई. प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा. बता दें कि त्योहारी सीजन और धार्मिक अवसरों पर बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की आवक बढ़ जाती है. ये श्रद्धालु भगवान के प्रसाद के रूप में यही से मिठाई खरीदकर भगवान को भी चढ़ाते हैं और अपने घर भी ले जाते हैं.
