मर्डर या एक्सीडेंट… गौ तस्करों का पीछा कर रहे ‘फरसा वाले बाबा’ की मौत पर पुलिस ने क्या कहा?

मथुरा में फरसा वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध संत चंद्रशेखर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई है. वह अपनी बाइक से गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे. अब इस पर मथुरा पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार का बयान आया है. उनका कहना है कि यह हत्या नहीं एक्सीडेंट है.

‘फरसा वाले बाबा’ की मौत

मथुरा में आज यानी शनिवार तड़के 4 बजे गौरक्षक संत चंद्रशेखर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई है. वह इलाके में फरसा वाले बाबा के नाम से भी प्रसिद्ध थे. उनकी मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या गौ-भक्त और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने NH-19 हाईवे जाम कर दिया. उन्होंने इसे हादसा नहीं साफ-साफ मर्डर करार दिया है. मौके पर समझाने पहुंची पुलिस पर भी लोगों ने जमकर पथराव किया.

संत चंद्रशेखर की ट्रक से कुचलकर मौत के मामले पर पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार का भी बयान सामने आया है. उन्होंने बताया कि शनिवार की रात 03 से 04 बजे के बीच में चंद्रशेखर उर्फ फरसा बाबा के द्वारा एक वाहन को संदिग्ध मान करके रोका गया था. इस दौरान घना कोहरा होने के कारण पीछे से एक ट्रक जो कि राजस्थान नंबर का था, उसने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में फरसा वाले बाबा की मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने बताया हादसा

पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार का कहना है कि यह हत्या नहीं, एक्सीडेंट है. पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है, जो खुद भी घायल है. उन्होंने आगे बताया कि फरसा वाले बाबा ने जो कंटेनर रोका था, वह नागालैंड नंबर का था, उसमें किराने का सामान पाया गया है. जिस ट्रक ने उन्हें टक्कर मारी उसमें तार लदे हुए थे. टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक और परिचालक दोनों अलवर राजस्थान के रहने वाले हैं.

आक्रोशित भीड़ ने जमकर काटा बवाल

फरसा वाले बाबा की मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में गौ-भक्त और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने NH-19 पर जाम लगा दिया. उन्होंने इसे हादसा नहीं बल्कि साफ-साफ हत्या करार दिया है. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया. इससे मौके पर भगदड़ मच गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है.

सीएम योगी ने घटना का लिया संज्ञान

सीएम योगी आदित्यनाथ ने मथुरा की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कठोर कदम उठाए जाएं.फिलहाल, बाबा चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को कोसी से आंजनौख स्थित गौशाला लाया जा रहा है, जहां अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं.

Follow Us