मथुरा में ‘फरसा वाले’ बाबा की ट्रक से कुचलकर मौत, गौरक्षक बोले- ये साफ-साफ मर्डर
मथुरा में फरसा वाले बाबा के नाम से प्रसिद्ध संत चंद्रशेखर की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई है. वह अपनी बाइक से गौ तस्करों का पीछा कर रहे थे. फिलहाल, घटनास्थल के पास से एक युवक को पकड़ लिया गया है. तीन अन्य आरोपी फरार बताए जा रहे हैं.
मथुरा के गौरक्षक संत चंद्रशेखर की गाड़ी से कुचलकर मौत हो गई है. यह वारदात शनिवार तड़के करीब 4 बजे कोटवन चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम नवीपुर के पास हुई. संत चंद्रशेखर को लोग फरसा वाले बाबा के नाम से भी जानते हैं. घटना की जानकारी सामने आते ही बड़ी संख्या में गौ रक्षकों ने NH19 हाईवे जाम कर दिया. इस बीच पुलिस पर पथराव का भी मामला सामने आया है.
बाइक से गौ-तस्करों का कर रहे थे पीछा
सूत्रों के मुताबिक बाबा चंद्रशेखर को शनिवार तड़के गौ तस्करी की सूचना मिली थी. इसके बाद वे अपनी बाइक से तस्करों का पीछा कर रहे थे. पीछा करने के दौरान तस्करों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बाबा की बाइक को अपनी गाड़ी से जोरदार टक्कर मार दी. साथ ही उन्हें कुचलते हुए निकल गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाबा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
एक युवक गिरफ्तार, तीन अन्य फरार
वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और गौ-रक्षकों की तत्परता से मौके पर मौजूद एक युवक को पकड़ लिया. बताया जा रहा है कि यह युवक भी घटना में शामिल था. हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तीन अन्य आरोपी भागने में सफल रहे. घटना की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में भारी रोष और शोक की लहर दौड़ गई है. पुलिस प्रशासन मौके पर मुस्तैद है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है.
पुलिस पर पथराव
बाबा की हत्या की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में गौ-भक्त और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने NH-19 पर जाम लगा दिया. उन्होंने इसे हादसा नहीं बल्कि साफ-साफ हत्या करार दिया है. आक्रोशित भीड़ ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और इस दौरान पुलिस पर पथराव भी किया. इससे मौके पर भगदड़ मच गई. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है.
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ा जनसैलाब
बाबा चंद्रशेखर के पार्थिव शरीर को कोसी से आंजनौख गौशाला लाया जा रहा है. उनकी मौत की खबर मिलते ही सैकड़ों की संख्या में गौ-भक्त, ग्रामीण और विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता गौशाला पहुंचना शुरू हो गए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.
