मेरठ: अपहरण की कहानी निकली झूठी, मां ने ही प्रेमी संग मिलकर 6 साल के बेटे की हत्या की

मेरठ के बहसूमा में एक 6 साल के बच्चे की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने बच्चे की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है. जांच में खुलासा हुआ कि प्रेम संबंधों में बाधा बन रहे बच्चे को दोनों ने मिलकर मार डाला. इसके बाद उसके शव को हस्तिनापुर क्षेत्र के जंगल में छिपा दिया था.

मां ने ही प्रेमी संग मिलकर 6 साल के बेटे की हत्या की

मेरठ के बहसूमा थाने में जिस महिला ने अपने 6 साल के बच्चे के अगवा होने की सूचना दी थी, उसी मां ने बेटे की हत्या करवाई. छह वर्षीय मासूम की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बच्चे की मां को भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेटे की हत्या की यह खौफनाक साजिश रची थी.

दरअसल, थाना बहसूमा क्षेत्र में 16 जून को एक अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया गया था. आरोप था कि मुजफ्फरनगर निवासी अर्पित शर्मा, 6 साल के बच्चे को अपनी वैगनार कार में बैठाकर ले गया. परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. आरोपी अर्पित शर्मा के गिरफ्तार होने पर यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ.

शव को हस्तिनापुर के जंगल में छिपा दिया था

पुलिस ने शिकायत के बाद मामले को गंभीरता से लिया. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया. इस बीच पुलिस ने आरोपी अर्पित शर्मा को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया. आरोपी ने स्वीकार किया कि मृतक की मां गुरप्रीत कौर के साथ उसके प्रेम संबंध थे और बच्चा उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था.

उसने बताया कि इसी कारण उसने बच्चे की हत्या कर शव को हस्तिनापुर क्षेत्र के जंगल में छिपा दिया था. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. हत्या में प्रयुक्त चाकू और घटना में इस्तेमाल वैगनार कार भी बरामद कर ली गई. साथ ही साक्ष्यों और आरोपी के बयान पर मृतक की मां की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई.

प्रेम संबंधों में बाधा बनने पर मासूम की हत्या

इसके बाद बहसूमा पुलिस ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर गुरप्रीत कौर को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार महिला मूल रूप से महमूदपुर बांगर, थाना रामराज, जनपद मुजफ्फरनगर की रहने वाली है और वर्तमान में बहसूमा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रही थी. पुलिस का कहना है कि प्रेम संबंधों में बाधा बनने के कारण मासूम की हत्या की गई.

पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी अर्पित शर्मा को पहले ही जेल भेजा जा चुका है, जबकि गिरफ्तार महिला को न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस मामले में दोनों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.

Follow Us