2024 में अगवा, 8 लाख की फिरौती…. अब किडनैपर्स की पहचान करने पहुंचे कॉमेडियन सुनील पाल
कॉमेडियन सुनील पाल ने आरोप लगाया था कि दिसंबर 2024 में मेरठ में उनका अपहरण कर लिया गया था. फिर हरिद्वार में एक कार्यक्रम के बहाने बुलाया गया था. उसके बाद उन्हें नेशनल हाईवे-58 से अगवा कर करीब 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया. किडनैपर्स ने उन्हें छोड़ने की एवज में 20 लाख रुपये फिरौती मांगी थी. फिर 8 लाख रुपये देकर वह किसी तरह से किडनैपर्स के चुंगल से छूट पाए थे. अब इस मामले में सुनील पाल किडनैपर्स की पहचान के लिए मेरठ पहुंचे हैं.
मशहूर कॉमेडियन सुनील पाल सोमवार को अपने अपहरण मामले में बयान दर्ज कराने के लिए मेरठ कोर्ट पहुंचे. इस दौरान उनके साथ उनके करीबी दोस्त और वकील भी मौजूद थे. अदालत ने उन्हें मामले में गिरफ्तार दो आरोपियों की पहचान के लिए तलब किया था.
क्या था पूरा मामला?
कॉमेडियन सुनील पाल ने आरोप लगाया था कि दिसंबर 2024 में मेरठ में उनका अपहरण कर लिया गया था. उन्हें हरिद्वार में एक कार्यक्रम के बहाने बुलाया गया था. फिर नेशनल हाईवे-58 से अगवा कर करीब 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया. किडनैपर्स ने उन्हें छोड़ने की एवज में फिरौती मांगी थी.
फिरौती की रकम पर सौदेबाजी
अपहरणकर्ताओं ने पहले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी, जो बाद में घटाकर 8 लाख रुपये कर दी गई. आरोप है कि यह रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कराई गई थी. इसके बाद किसी तरह से किडनैपर्स की गिरफ्त से सुनील पाल छूट पाए थे. इस घटना से वह बिल्कुल ही सहम गए थे.
मुंबई में दर्ज हुई थी जीरो FIR
घटना के बाद सुनील पाल किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर मुंबई पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार को पूरी जानकारी दी. इसके बाद उनकी पत्नी ने मुंबई में जीरो एफआईआर दर्ज कराई, जिसे बाद में मेरठ ट्रांसफर कर दिया गया. इससे पहले उनकी पत्नी, जो पेशे से वकील भी हैं, वो भी इसी मामले में मेरठ आ चुकी हैं.
सुनील पाल ने मीडिया से क्या कहा?
सुनील पाल ने कोर्ट में पेश होने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि कि वह इस घटना के बाद बहुत परेशान रहे. हालांकि, इस घटना को लेकर यूपी सरकार ने उनका बहुत साथ दिया. सारे आरोपी भी गिरफ्तार हो गए हैं. वह इसके लिए सरकार को धन्यवाद करते हैं . उनकी मांग है आरोपियों को सख्त सजा मिले ताकि और किसी के साथ ऐसा न हो.