कौन है मेरठ का गैंगस्टर उधम सिंह? पहले गिरफ्तारी पर था 25 हजार का इनाम, नेपाल भागते हो गया लखटकिया
मेरठ के कुख्यात गैंगस्टर उधम सिंह पर इनाम की राशि बढ़ाकर अब एक लाख रुपये कर दिया गया है. जमानत पर रिहा होने के बाद वह फरार हो गया था, जिसके बाद इनाम राशि बढ़ाई गई. पुलिस सूत्रों के अनुसार, उधम सिंह अब नेपाल में छिपा है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उस पर 70 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं. यूपी एसटीएफ और मेरठ पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात गैंगस्टर ऊधम सिंह पर एडीजी मेरठ भानु भास्कर ने एक लाख का इनाम घोषित किया है. जमानत पर बाहर आने के बाद फरार हुए इस बदमाश पर पहले एसएसपी मेरठ ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था. इसके बाद डीआईजी ने इनाम की राशि डबल की और अब भी गिरफ्तारी नहीं होने पर एडीजी ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख कर दी है. उधर, चर्चा है कि इस बदमाश ने उत्तर प्रदेश से बचने के लिए नेपाल में शरण ले ली है. फिलहाल, मेरठ पुलिस के अलावा यूपी एसटीएफ की अलग अलग टीमें इस बदमाश की तलाश में जुटी हैं.
मेरठ पुलिस के मुताबिक इस बदमाश के खिलाफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग अलग जिलों में 70 से अधिक मुकदमे लंबित हैं. इनमें चोरी, डकैती, लूट, हत्या का प्रयास, हत्या, गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के अलावा एनएसए के मुकदमे शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने फर्जी दस्तावेज लगाकर कोर्ट से जमानत ले ली और जेल से बाहर आते ही फरार हो गया था. जब उसके जमानत के कागज देखे गए तो पता चला कि उसके जमानती भी फर्जी थे. इस संबंध में आरोपी के खिलाफ 71वां मुकदमा दर्ज किया गया.
नेपाल में ले ली शरण
गैंगस्टर उधम सिंह की तलाश में मेरठ पुलिस की स्वाट टीम के अलावा यूपी- एसटीएफ की टीमें दबिश दे रहीं हैं. पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह बदमाश उत्तर प्रदेश की सीमा पारकर नेपाल भाग गया है. ऐसे में उसकी गिरफ्तारी के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ सकती है. पुलिस के मुताबिक मेरठ के सरूरपुर थानाक्षेत्र में करनावल का रहने वाला उधम सिंह उत्तर प्रदेश के मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में टॉप पर है. सरूरपुर पुलिस ने साल 2022 में एक रंगदारी के मुकदमे में अरेस्ट कर जेल भेजा था.
जमानत के बाद से फरार है बदमाश
बाद में इस बदमाश को मेरठ जेल से निकालकर उन्नाव जेल में शिफ्ट कर दिया गया. करीब 4 साल 8 महीने बाद उसे 26 मार्च 2026 को जमानत मिली और तभी से वह फरार है. पुलिस को मिले इनपुट के मुताबिक यह बदमाश भागकर पहले देहरादून गया. फिर चंडीगढ़ और गोवा तथा अब नेपाल जाकर छुपा है. इस बदमाश का गोवा और नेपाल में कुछ वीडियो भी 15 मई को वायरल हुए थे. इसमें वह बीयर खरीदते, डिस्को में ठुमके लगाते नजर आ रहा है.