मेरठ में घर का सपना होगा पूरा, जल्द होगी 974 प्लॉट की नीलामी, नमो भारत रूट भी है पास

मेरठ विकास प्राधिकरण ने अपनी विभिन्न योजनाओं में खाली पड़ी और अब तक इस्तेमाल नहीं की गई 974 भूखंडों की बिक्री की तैयारी कर रहा है. इसके लिए 22 हेक्टेयर (2.20 लाख वर्गमीटर) जमीन चिह्नित की गई है. खास बात है कि ये भूखंड नमो भारत ट्रेन के रूट से भी ज्यादा दूर नहीं हैं.

सहारनपुर में 1460 प्लॉट के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू (सांकेतिक तस्वीर)

मेरठ विकास प्राधिकरण अपनी विभिन्न योजनाओं में खाली पड़ी जमीनों पर 974 प्लॉट को सृजित कर बिक्री करने जा रहा है. इसको लेकर प्रस्ताव तैयार हो चुका है. इसे 21 अप्रैल को होने जा रही मेडा की 130वीं बोर्ड बैठक में पेश किया जाएगा. योजना को लेकर आई आपत्तियों पर पहले ही काम हो चुका है. अब इसे मंजूरी मिलने की देर है. इसके ईडब्लूएस और एलआईजी भूखंडों की बिक्री लॉटरी के जरिए की जाएगी.

पहले चरण में 1455 भूखंडों की हो चुकी है बिक्री

मेरठ विकास प्राधिकरण ने अपनी विभिन्न योजनाओं में खाली पड़ी और अब तक इस्तेमाल नहीं की गई जमीन को लैंड मोनेटाइजेशन कराया था. फिर अपने पहले चरण में 1455 भूखंड काटकर लॉटरी और ई-ऑक्शन के जरिए बिक्री कर चुका है. अब दूसरे चरण में 974 भूखंडों की बिक्री की तैयारी कर रहा है. इसके लिए 22 हेक्टेयर (2.20 लाख वर्गमीटर) जमीन चिह्नित की गई है. खास बात है कि ये भूखंड नमो भारत ट्रेन के रूट से ज्यादा दूर नहीं हैं.

5 हजार लोगों को मिलेगी छत

सूत्रों के मुताबिक इस 22 हेक्टेयर (2.20 लाख वर्गमीटर) जमीन पर ईडब्लूएस के 9, एलआईजी के 101, एचआईजी/एमआईजी के 782, व्यवसायिक के 71, नर्सिंग होम के 05, हायर सैकेंडरी स्कूल के 04, पेट्रोल पंप/सीएनजी/इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन के 01 और कम्यूनिटी सेंटर के 1 समेत कुल 974 भूखंड काटे जाएंगे. योजना से करीब 5 हजार लोगों अपना घर होने का सपना पूरा हो सकेगा.

पहले चरण में 700 करोड़ का राजस्व हुआ था प्राप्त

मेरठ विकास प्राधिकरण को पहले चरण में 9 आवासीय योजनाओं में 1455 भूखंड काटे जाने के बाद करीब 700 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था. मेडा के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि लैंड मोनेटाइजेशन के तहत विभिन्न आवासीय योजनाओं में 22 हेक्टेयर जमीन देख ली गई है. एलआईजी और ईडब्लूएस श्रेणी के प्लॉटों को लॉटरी के जरिये और एमआईजी और एचआईजी श्रेणी के प्लॉटों को ई-ऑक्शन पद्धति से बिक्री की जाएगी.

Follow Us