मेरठ में बीवी के प्रेमी की हत्या करने के बाद सनकी पति का ऐलान- मुझे बस एक कॉल करना, हर भागने वाली औरत को मार डालूंगा

मेरठ में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी के बॉयफ्रेंड को गोली मारकर हत्या कर दी. अब वह सोशल मीडिया पर उसका एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह अब अपनी पत्नी को जान से मारने की धमकी दे रहा है. साथ ही यह भी ऐलान कर रहा है कि जो भी महिला घर से भागेगी, मुझे फोन करो, मैं उसे मार डालूंगा.

मेरठ में पति ने पत्नी की प्रेमी की गोली मारकर की हत्या Image Credit:

मेरठ से एक खौफनाक वारदात सामने आई है. यहां के हस्तिनापुर इलाके में एक पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी. अब इस वारदात से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. पहल एक हत्या का खौफनाक लाइव वीडियो और दूसरा हत्यारे का कबूलनामा, जिसमें वह अगली हत्या का ऐलान करता दिख रहा है.

वायरल वीडियो में आरोपी प्रदीप चेहरे पर सफेद कपड़ा बांधे नजर आ रहा है. इस दौरान उसकी पत्नी का बॉयफ्रेंड सुनील बाइक स्टॉर्ट करते हुए दिखता है. इस बीच प्रदीप पीछे से आता है और सुनील की कमर पर गोली मार देता. गोली लगने के बाद सुनील नीचे गिर जाता है. प्रदीप फिर तमंचा लोड करता है और दूसरी गोली सुनील के सिर फिर तीसरी गोली कनपटी पर मार देता है.

दिनदहाड़े की हत्या फिर फरार हो गया

प्रदीप जब इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दे रहा था, तो उस वक्त वहां काफी भीड़ थी. वहां मौजूद लोग अपने सामने एक कत्ल होते देख रहे थे, लेकिन किसी ने प्रदीप को रोकने और सुनील को बचाने की हिम्मत नहीं दिखाई. सुनील की हत्या करने के बाद प्रदीप सैंकड़ों की भीड़ के सामने आराम से फरार हो गया.

अब पत्नी को मारने की दी धमकी

अब हत्यारे प्रदीप का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वह अपना जुर्म कबूल कर रहा. साथ ही धमकियां भी दे रहा है. वीडियो में प्रदीप कहते दिख रहा है कि- मुझे अपनी मौत की परवाह नहीं है, मैं उसको मारकर आया हूं. सुनील को तीन गोलियां मारी हैं. 315 और 312 बोर की. वीडियो में वह अपनी पत्नी को भी जान से मारने का धमकी दे रहा है.

‘जो भी महिला घर से भागेगी उसे मार डालूंगा’

प्रदीप वीडियो में यह कहते दिख रहा है कि जो भी महिला इस तरह घर छोड़ कर भागेगी , उसका यही इंतजाम करूंगा. अब अपनी पत्नी को मारूंगा. जो भी महिला घर से भागेगी, मुझे फोन करो, मैं उसे मार डालूंगा. मैं अपने घर से बेदखल हूं और मेरे हाथ में ढाई मीटर का कफन है जिसे सिर पर बांधकर चल रहा हूं. इस दौरान प्रदीप वीडियो वायरल करने और यह वीडियो एसएसपी मेरठ, बहसूमा, फलावदा और हस्तिनापुर पुलिस तक पहुंचाने की बात भी कह रहा है.

पुलिस वालों पर लगाया ये आरोप

प्रदीप ने जिस तरीके से वीडियो जारी किया उससे यही साबित होता है कि उसे कानून का भय नहीं है. वीडियो में वह पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता हुआ नजर आ रहा है. उसने सीधे तौर पर दो पुलिस अधिकारियों का नाम लेते हुए कहा कि उसे न्याय नहीं मिला, इसलिए उसने कानून हाथ में लिया.

डेढ़ साल पहले सुनील के साथ चली गई थी प्रदीप की पत्नी

प्रदीप की पत्नी पूनम का सुनील (उर्फ सुरेंद्र) के साथ लव अफेयर था. दोनों डेढ़ साल पहले घर से भाग गए थे और कोर्ट मैरिज कर लिया. प्रदीप इसे अपनी बेइज्जती मान रहा था. इसको लेकर उसने खुलेआम ऐलान भी किया था कि वह अपनी बेइज्जती का बदला लेगा. फिलहाल, मृतक के चचेरे भाई विक्की की तहरीर पर प्रदीप और उसके साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है.

आरोपी की तलाश में दबिश दे रही पुलिस

हत्या की खबर मिलते ही बहसूमा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. एसपी देहात अभिजीत कुमार और सीओ मवाना पंकज लवानिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. आरोपी प्रदीप की तलाश के लिए पुलिस की तरफ से लगातार दबिश दी जा रही है,