‘प्यार’ के लिए घोंट दिया ‘ममता’ का गला, फिर रची परिवार खत्म करने की साजिश; मां बनी कातिल
उत्तर प्रदेश के मेरठ में ममता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. एक मां ने अपने अवैध संबंधों के चलते 7 महीने के मासूम बच्चे रुद्रांश का गला घोंट दिया. हत्या के बाद उसने पति और अन्य ससुरालियों को भी मारने की कोशिश की। पुलिस हिरासत में आरोपी मां ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है.
पौराणिक ग्रंथों में भारत की महान परंपरा का जिक्र करते हुए कहा गया है कि ‘माता कुमाता नहीं होती’. लेकिन उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक मां ने खुद अपने ही हाथों अपने सात महीने के बच्चे का गला घोंट दिया. यही नहीं, उसने अपने पूरे परिवार को भी खत्म करने की कोशिश की. यह मां हवस की आग में इस कदर अंधी हो गई कि उसे अपने प्रेमी के अलावा कुछ दिखा ही नहीं, और अपने पूरे परिवार को तबाह कर लिया.
वारदात के बाद परिजनों को पहले तो लगा कि सात माह के मासूम रुद्रांश की मौत किसी बीमारी की वजह से हुई है, जेकिन सच सामने आने के बाद उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. आनन फानन में सूचना पुलिस को दी गई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी मां को हिरासत में ले लिया है. पुलिस की पूछताछ में हत्यारन मां ने वारदात कबूल लिया है. बताया कि उसने अपने प्रेमी के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है.
खुद किया वारदात का खुलासा
पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने बच्चे को मारने के बाद अपने पति, बड़े बेटे और अन्य ससुरालियों को भी मारने की कोशिश की, लेकिन इससे पहले ही वारदात का खुलासा हो गया. पुलिस के मुताबिक हत्यारन मां मीनाक्षी के अवैध संबंध दिल्ली में रहने वाले मोहित नामक युवक से से थे. शादी होने के बाद भी वह मोहित के संपर्क में रही. लेकिन बाद में पति अमित तोमर को उसके अवैध संबंधों की जानकारी मिल गई. इस बात को लेकर आए दिन झगड़े भी हुए.
फिर दिया वारदात को अंजाम
मेठ के मुरलीपुर में रहने वाले पीड़ित पति अमित तोमर के मुताबिक वह एक डॉक्टर की गाड़ी चलाकर परिवार का भरण पोषण करते हैं. उनके दो बेटे थे, जिनमें से एक की हत्या उनकी पत्नी मीनाक्षी ने 30 मई को कर दी थी. उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी अक्सर अपने प्रेमी से बात करती थी, वह रोकटोक करने लगे तो उसने इस वारदात को अंजाम दिया. वहीं जब पुलिस ने मीनाक्षी से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने अपने ही हाथों बेटे का गला घोंटा है.