जिस बेटे के भविष्य के लिए विदेश गया पिता, प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर मां ने कर दी हत्या; मचा हड़कंप
मेरठ में एक मां ने अपने ही 7 साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी, क्योंकि बच्चा उसके प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहा था. वारदात के समय बच्चे का पिता बेहतर भविष्य के लिए विदेश में था. पुलिस ने आरोपी मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है. इस हृदय विदारक घटना ने 'मां कुमाता नहीं होती' कहावत को झूठा साबित कर दिया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
कहा जाता है कि पूत कुपूत हो सकता है, मां कुमाता नहीं होती, लेकिन उत्तर प्रदेश के मेरठ में रहने वाली एक महिला ने हवस की आग में अंधी होकर इस पौराणिक कहावत को भी पलट दिया है. प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर इस मां ने खुद अपने ही हाथों अपने सात साल के बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी. वारदात के वक्त इस बच्चे का पिता उसके बेहतर भविष्य के लिए विदेश कमाने गया था. वारदात मेरठ में बहसूमा क्षेत्र का है.
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी मां और उसके आशिक को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. पुलिस ने इस संबंध में बच्चे के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया है. के मुताबिक बच्चे के पिता गुरसेवक सिंह ने अपनी तहरीर में बताया है कि साल 2018 में उनकी शादी आरोपी महिला गुरप्रीत कौर से हुई थी. अगले ही साल गुरप्रीत ने एक बेटे को जन्म दिया. चूंकि परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी, इसलिए वह कमाने के लिए दुबई चला गया.
सामने आया प्रेम प्रसंग
गुरसेवक ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी गुरप्रीत के अवैध संबंध अर्पित शर्मा नामक युवक से थे. इसलिए उसकी पत्नी भी चाहती थी कि वह जल्दी विदेश जाए और वह पूरे परिवार को गुमराह करती रही. पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले दिनों उसे फोन किया और बताया कि बेटा अंगदवीर डिप्रेशन का शिकार है. उसके इलाज के बहाने पटियाला जाने की बात कही और उसे लंबे समय तक सोते रहने के लिए नींद की गोलियां खिलाई.
भेद खुलने के डर से ले ली जान
परिजनों के मुताबिक आरोपी महिला की हरकतों पर उन्हें संदेह तो था, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह अपने ही बेटे का कत्ल कर सकती है. परिजनों के मुताबिक बेटे ने एक बार अपनी मां को प्रेमी के साथ देख लिया था. इसके बाद से ही दोनों मिलकर बेटे को रास्ते से हटाने की प्लानिंग करने लगे थे और आखिर में उसकी हत्या कर दी. पीड़ित पिता ने अब पुलिस और प्रशासन से मामले की फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने और आरोपी मां को फांसी की सजा दिलाने की मांग की है.