मेरठ में अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, मालिक-कर्मचारी गिरफ्तार, मकान हुआ सील
मेरठ में एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया. हालांकि, इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इससे अवैध कारोबार उजागर हो गया. पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया और मकान को सील कर दिया. साथ ही मालिक समेत कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है.
मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के ग्राम मुरलीपुर में संचालित एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में अचानक विस्फोट होने से इलाके में हड़कंप मच गया. हादसे के समय फैक्ट्री में शादी-विवाह समारोहों के लिए आतिशबाजी के पटाखे तैयार किए जा रहे थे. विस्फोट के बाद वहां काम कर रही महिलाओं में भगदड़ मच गई. हालांकि, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई.
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुरलीपुर स्थित एक मकान में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से आतिशबाजी के पटाखों का निर्माण किया जा रहा था. अचानक हुए विस्फोट के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही मुंडाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया. साथ ही मकान को सील कर दिया गया है.
मालिक और महिला कर्मचारी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से काम कर रही महिला कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. वहीं मकान मालिक भूपेंद्र को भी हिरासत में लिया गया. जांच के दौरान मकान से भारी मात्रा में तैयार और अर्धनिर्मित पटाखे बरामद किए गए. इसके साथ ही प्रशासन ने नायब तहसीलदार विनीत चौहान की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए मकान को सील कर दिया है.
इसके अलावा, पुलिस ने बरामद किए गए आतिशबाजी सामग्री और पटाखों को भी नष्ट कर दिया. मुंडाली थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि ग्राम मुरलीपुर में एक घर में अवैध रूप से आतिशबाजी के पटाखों का निर्माण किया जा रहा था. इसी दौरान विस्फोट की घटना हुई. पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड की सहायता से स्थिति को नियंत्रित किया.
अवैध कारोबार में और कौन-कौन शामिल- जांच जारी
मुंडाली थाना प्रभारी देवेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि पटाखा निर्माण का यह अवैध कारोबार कब से संचालित किया जा रहा था और इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.