क्या मेरठ में असली IAS को फर्जी बताकर किया गया था गिरफ्तार? आरोपी ने खुद दिखाएं डॉक्यूमेंट्स

मेरठ में जिस शख्स को पुलिस ने फर्जी IAS होने के आरोप में गिरफ्तार किया था अब वह मीडिया के सामने आए हैं. उन्होंने अपने असली आईएस होने का दावा किया है. इसको लेकर उन्होंने कई सारे डॉक्यूमेंट्स भी दिखाए हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या पुलिस ने असली आईएस को फर्जी बताकर अरेस्ट कर लिया था.

राहुल कौशिक Image Credit:

मेरठ नौचंदी थाना क्षेत्र की पुलिस ने कुछ दिनों पहले खुद को IAS बताने वाले एक शख्स को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने आरोपी के दावे को फर्जी बताया था. अब इस मामले में आरोपित शख्स सामने आए हैं. उन्होंने साल 2008 में UPSC की परीक्षा पास करने का दावा किया है. इसको लेकर कई सबूत भी पेश किए और डॉक्यूमेंट्स भी दिखाए हैं.

12 मार्च को नौचंदी थाने की पुलिस ने राहुल कौशिक नाम के एक शख्स को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया ता कि राहुल खुद को IAS अधिकारी बताकर लोगों को धमकाते हैं. कॉल करके कई बार अफसरों को भी झांसे में लेते हैं. तब SP सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया था कि राहुल कौशिक वर्तमान में किसी पद पर नहीं हैं.

राहुल कौशिश ने कई डॉक्यूमेंट्स किए पेश

अब राहुल कौशिक भी मीडिया के सामने आए. उन्होंने खुद का असली अधिकारी होने का भी दावा किया. उन्होंने 2008 में यूपीएससी परीक्षा पास करने की बात भी कही .राहुल ने कुछ फोटो और डॉक्यूमेंट भी दिखाए हैं. राहुल के द्वारा एक आई कार्ड भी दिखाया गया, जिसमें भारत सरकार गृह मंत्रालय लिखा है. साथ ही ब्यूरो ऑफ पार्लियामेंट्री स्टडीज एंड ट्रेनिंग का सर्टिफिकेट भी दिखाया.

राहुल कौशिक ने अखबार की कटिंग भी दिखाई, जिसमें उस वक्त UPSC के रिजल्ट को लेकर भी छपी थी. वही गवर्नमेंट आफ इंडिया डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट का भी आई कार्ड दिखाया. राहुल कौशिक ने बताया कि 2008 में UPSC परीक्षा पास की थी. उन्हें इंडियन पोस्टल सर्विस मिला था. उनकी 728वीं रैंक थी.

राहुल कौशिक पर धोखाधड़ी का लगा था आरोप

बताया जा रहा है कि राहुल कौशिक पर वर्ष 2017-18 में धोखाधड़ी करने का गंभीर आरोप लगा था. इसके बाद राहुल को निलंबित किया गया. फिर साल 2019 में बर्खास्त कर दिया गया था. हालांकि वह अभी भी कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. यह मामला सेंट्रल एडमिनिस्ट्रेटिव ट्रिब्यूनल (CAT) में विचाराधीन है .

नौकरी जाने से डिप्रेशन में रहते हैं राहुल

बताया जा रहा है कि नौकरी खोने की वजह से राहुल डिप्रेशन में रहते हैं और कुछ पारिवारिक समस्या भी हैं. इस वजह से मानसिक स्थिति प्रभावित हुई है. ये भी बताया जा रहा है कि बीते बुधवार को राहुल ने पुलिस के किसी बड़े अधिकारी को फोन मिला दिया था, जिसके बाद नोकझोंक के बाद राहुल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था.

पुलिस के कार्यशैली पर उठ रहे हैं सवाल

फिलहाल, पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहा है. लोग कह रहे हैं कि मामूली कहासुनी को पुलिस ने मीडिया ब्रीफिंग करके तूल दे दिया. फिर गिरफ्तार कर लिया और आनन-फानन में रिहा कर दिया गया. राहुल कौशिश का कहना है कि वे अब पुलिस के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे.

राहुल कौशिक ने पुलिस पर लगाए ये आरोप

राहुल कौशिक ने बताया कि मैं 2008 बैच यूपीएससी पास आउट हूं .11 से 12 मार्च की रात को अचानक से पुलिस के 10 -12 जवान आए और दुर्व्यवहार करते हुए मुझे थाना लेकर गए. अगले दिन तक मुझको बिठाया रखा. मोबाइल भी जब्त कर लिया गया था. मैने किसी तरह से अपने भाई को सौरव कौशिक को फोन किया. उनके आने के बाद मुझे घर जाने दिया गया.

Follow Us