200 लोगों को रेड कार्ड, सड़क पर पढ़ी नमाज तो होगी FIR; पासपोर्ट भी जब्त होगा

मेरठ एसएसपी ने ईद पर सड़क पर नमाज़ अदा करने पर सख्त चेतावनी दी है. कहा कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ FIR दर्ज होगी और पासपोर्ट तक जब्त किया जा सकता है. पुलिस ने पिछली बार सड़क पर नमाज़ पढ़ने वाले 200 लोगों को रेड कार्ड जारी किए हैं. वहीं 55 लोगों पर एफआईआर भी दर्ज किया गया था.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

संभल के सीओ के बयान से उठा बवंडर अभी खत्म भी नहीं हुआ कि अब मेरठ के एसएसपी के बयान से मुस्लिम समुदाय में आक्रोश की स्थिति पैदा हो गई है. मेरठ के एसएसपी ने कहा कि सड़क पर ईद की नमाज किसी हाल में नहीं होने दी जाएगी. जिस किसी ने व्यवस्था के उल्लंघन का प्रयास किया, उसके खिलाफ एफआईआर तो दर्ज होगी ही, पासपोर्ट तक जब्त कर लिया जाएगा. उन्होंने मुस्लिम समाज को चेतावनी देते हुए आग्रह किया कि ईद की नमाज शांति से संपन्न होनी चाहिए.

उन्होंने कहा कि इस दौरान यदि किसी ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने या फिर सड़क पर नमाज पढ़ने का प्रयास किया तो एफआईआर दर्ज कर जेल भेज दिया जाएगा. संबंधित व्यक्ति के पास्पोर्ट को भी जब्त करने की कार्रवाई होगी. एसपी के इस बयान पर उलेमाओं और मुस्लिम संगठनों में गहरा आक्रोश है. बता दें कि इससे पहले संभल सीओ का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. इसमें उन्होंने ईरान-इजरायल युद्ध को लेकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को कड़ी चेतावनी दी थी.

200 लोगों को रेड कार्ड

एसएसपी मेरठ के मुताबिक प्रतिबंध के बावजूद पिछली बार सड़क पर नमाज पढ़ने वाले 200 लोगों को चिन्हित कर रेड कार्ड थमा दिया गया है. इसी प्रकार बीते पांच वर्षों में ईद के मौके पर विवाद खड़े करने वालों की पहचान की जा रही है. इन सभी को रेड कार्ड जारी किया जाएगा. इसके बाद भी यदि ये लोग दोबारा यही गलती दोहराते हैं तो इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाएगा. जरूरी हुआ तो संबंधित के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई हो सकती है.

55 लोगों पर हुई थी एफआईआर

मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के मुताबिक ईद पर पुलिस के साथ धक्कामुक्की कर बैरिकेड तोड़ने के कई मामले सामने आए थे. इसी प्रकार सड़क पर कुछ जगहों पर नमाज भी पढ़ी गई थी. इस संबंध में पुलिस ने 55 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था. इस बार लोगों को समझाया जा रहा है कि इस तरह की गलती ना दोहराएं. इससे पहले शुक्रवार को पुलिस ने अलविदा की नमाज के दौरान शहर में कड़ी चौकसी रखी थी. इसकी वजह से पूरे शहर में शांति पूर्वक नमाज संपन्न हो गया.

Follow Us