मानसून की राह देख रहा यूपी, अगले 72 घंटे अहम; आज लखनऊ समेत 8 जिलों में हीट वेव अलर्ट
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, उमस और लू से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है और दो से तीन दिनों में यह दस्तक दे सकता है. वहीं, आज, लखनऊ समेत कई जिलों में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी है.
उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी, उमस और लू से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है और मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में प्रदेश में इसकी एंट्री हो सकती है. ताजा अपडेट के मुताबिक 24 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून महाराष्ट्र के शेष हिस्सों, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ और क्षेत्रों तक पहुंच गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, 27 जून से यूपी के पूर्वी हिस्से से प्री-मानसून की बारिश के पूर्वानुमान हैं. इसके अगले दिन यानी 28 जून से प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा के आसार हैं. हालांकि, 25 से 27 जून के बीच तेज गर्मी और उमस से बेचैनी बनी रहेगी. IMD ने गुरुवार को लखनऊ समेत 8 जिलों में हीट-वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है.
इन आठ जिलों में येलो अलर्ट, यहां बूंदा-बांदी
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल मौसम शुष्क बना रह सकता है. दूसरी ओर राजधानी लखनऊ समेत बाराबंकी, सीतापुर, हरदोई, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती और गोंडा में हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, पूर्वांचल के कई हिस्सों में भी लोगों को गर्मी और उमस से अभी कुछ दिन और जूझना पड़ सकता है.
वहीं झांसी, महोबा, मिर्जापुर, बलिया, सोनभद्र, वाराणसी, जौनपुर, आजमगढ़, बांदा, प्रयागराज, गोरखपुर, चंदौली और महाराजगंज में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं. IMD के मुताबिक, 24 जून को प्रॅदेश में सबसे गर्म 44.3 डिग्री सेल्सियस बांदा में जबकि, सबसे कम 36 डिग्री मथुरा, वृंदावन में दर्ज किया गया है.
30 जून के आसपास अच्छी बारिश होने के संकेत
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आमतौर पर 18 से 20 जून के बीच प्री-मानसून गतिविधियां प्रदेश में पहुंच जाती हैं, लेकिन इस बार मानसून की रफ्तार सुस्त रहने के कारण करीब एक सप्ताह की देरी हो चुकी है. 27 जून तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 28 और 29 जून से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और चिलचिलाती धूप से राहत मिलेगी.
IMD के मुताबिक, मानसून के दस्तक देते ही 30 जून के आसपास पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने के संकेत हैं. फिलहाल प्रदेश में मौसम का मिला-जुला रूप देखने को मिल रहा है. कहीं लू का असर है तो कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना. ऐसे में लोगों की निगाहें अब मानसून की पहली जोरदार बारिश पर टिकी हैं.
