बहन-मां को खेलने के लिए बुलाया, दोनों नहीं आईं… कुछ देर बाद फंदे से लटका मिला चौथी कक्षा का छात्र

मुरादाबाद में देर रात एक 11 साल का मासूम अपने छत पर फंदे से लटका मिला. वह छत पर खेलने गया था, अपनी बहन और मां को भी बुलाया. लेकिन दोनों काम में व्यस्तता से नहीं गई. कुछ देर बाद जब मां छत पर पहुंची तो होश उड़ गए. परिजनों की चीख-पुकार से पूरा मोहल्ला गमगीन है.

11 साल के मासूम ने छत पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली Image Credit:

मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 11 साल के छात्र का शव घर की छत पर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई. घटना से पहले बच्चे ने अपनी मां और बहन को खेलने के लिए बुलाया था, लेकिन दोनों उसके साथ खेलने नहीं आईं. कुछ देर बाद जब मां उसे बुलाने छत पर पहुंचीं थी तो होश उड़ गए.

यह हृदयविदारक घटना थाना मझोला के लाइनपार में रामतलैया चौकी इलाके की है. पीड़ित परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के चंपावत जिले के रहने वाले हैं. परिवार के मुखिया एक कपड़ा दुकान में कार्यरत हैं और पिछले 20 सालों से किराए के मकान में रह रहे हैं. परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले वह सामान्य था और उसने मां-बहन को खेलने के लिए बुलाया था.

कपड़े सुखाने वाली रस्सी से लगाया फंदा

परिजनों के अनुसार, रात करीब 9 बजे बालक छत पर खेलने गया था. उस दौरान उसकी बहन भी साथ में थी, लेकिन थोड़ी देर बाद वह अपना होमवर्क पूरा करने नीचे आ गई थी. बच्चे ने पहले अपनी बहन को दोबारा छत पर खेलने के लिए बुलाया, लेकिन पढ़ाई के कारण वह नहीं गई. इसके बाद उसने अपनी मां को पुकारा, लेकिन मां ने भी बाद में आने की बात कही.

बताया जा रहा है कि इस बात से दुखी होकर बच्चे ने छत पर कपड़े सुखाने के लिए बांधी गई रस्सी के सहारे फंदा लगा लिया. परिजनों के मुताबिक, रात 11 बजे जब मां उसे बुलाने छत पर पहुंचीं थी, तो बेटे को फंदे पर लटकता देख उनकी चीख निकल गई. आनन-फानन में परिजन उसे उतारकर नजदीकी अस्पताल ले गए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

छोटी सी बात पर कैसे उठाया आत्मघाती कदम?

हालांकि, छत की दीवार और रस्सी की ऊंचाई को देखते हुए लोग आश्चर्य है कि इतनी कम ऊंचाई पर कोई बच्चा कैसे फंदा लगा सकता है. वहीं, घर के भीतर का माहौल पूरी तरह से गमगीन है. रोती-बिलखती मां और परिजन बार-बार यही कह रहे थे कि उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि एक छोटी सी बात पर मासूम ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा.

सूचना मिलने पर एसएचओ मझोला और चौकी प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की ओर से फिलहाल इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहे हैं.

Follow Us