14 साल का इंतजार खत्म! जेवर के लोगों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे हुआ टोल फ्री; ऐसे उठाएं फायदा
यमुना एक्सप्रेसवे पर टोल शुल्क में छूट की लंबे समय से मांग कर रहे जेवर क्षेत्र के किसानों और स्थानीय निवासियों के लिए राहत की खबर है. करीब 14 साल बाद अब जेवर टोल प्लाजा पर शुल्क से छूट देने का निर्णय लिया गया है. इसके लिए 17 सितंबर तक पंजीकरण कराना जरूरी होगा.
यमुना एक्सप्रेसवे के निर्माण और संचालन के बाद से जेवर क्षेत्र के किसानों और स्थानीय निवासियों टोल में छूट की मांग कर रहे थे. करीब 14 साल अब जेवर टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों को टोल से छूट देने का फैसला लिया गया है. इस सुविधा का लाभ लेने के लिए 17 सितंबर तक जरूरी दस्तावेज जमा कर अपने वाहन का पंजीकरण करना होगा.
जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह के अनुसार, यमुना प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेसवे का संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ इस मुद्दे को लेकर कई दौर की बातचीत हुई. इसके बाद जेवर क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित आसपास के ग्रामीणों को जेवर टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से छूट देने का निर्णय लिया गया है.
पात्र ग्रामिण ऐसे उठा सकते हैं फायदा
टोल से छूट का लाभ लेने के लिए स्थानीय निवासियों को 17 सितंबर तक इसके लिए पंजीकरण कराना जरूरी होगा. जेवर टोल प्लाजा के मैनेजर ऑफिस में निवासी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और वाहन की आरसी समेत जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे. दस्तावेजों के सत्यापन और वाहन का पंजीकरण पूरा होने के बाद पात्र वाहनों को टोल शुल्क में छूट दी जाएगी.
14 साल से की जा रही थी टोल फ्री की मांग
यमुना एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद से ही जेवर क्षेत्र के किसान और ग्रामीण स्थानीय स्तर पर टोल शुल्क में छूट की मांग करते रहे हैं. ग्रामीणों का कहना था कि एक्सप्रेसवे उनके क्षेत्र से होकर गुजरता है और स्थानीय लोगों को रोजमर्रा के काम के लिए बार-बार टोल का भुगतान करना पड़ता है. इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता था.
अब लंबे इंतजार के बाद टोल छूट का निर्णय होने से क्षेत्र के किसानों और स्थानीय निवासियों में राहत की उम्मीद जगी है. करीब 165 किलोमीटर लंबा यमुना एक्सप्रेसवे ग्रेटर नोएडा और आगरा को जोड़ता है. मौजूदा समय में यमुना एक्सप्रेसवे पर जेबर से आगरा तक दो पहिया वाहन से 150 से 170 रुपये और कार के लिए 400 से 430 रुपये तक देने होते हैं.
रोजाना आवागमन करने वालों को मिलेगा फायदा
जेवर और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लिए यमुना एक्सप्रेसवे आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है. स्थानीय लोगों के वाहनों को जेवर टोल प्लाजा पर छूट मिलने से रोजाना एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करने वाले किसानों और ग्रामीणों को सीधा फायदा मिलेगा. अब फैसला होने के बाद लोगों की नजर इस सुविधा के प्रभावी रूप से लागू होने पर टिकी हैं.