चुनावी रंजिश और अपमान का खौफनाक बदला, अनीस पाशा हत्याकांड में पुलिस का बड़ा खुलासा, दो और आरोपी दबोचे

मुरादाबाद के अनीस पाशा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. कुंदरकी थाना पुलिस के मुताबिक पुरानी चुनावी रंजिश और निजी अपमान का बदला लेने के लिए अनीस पाशा की हत्या की गई थी. फिलहाल, पुलिस ने इस हत्याकांड के तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

अनीस पासा मर्डर केस में बड़ा खुलासा

मुरादाबाद के कुंदरकी थाना इलके में हुए चर्चित व्यापारी अनीस पाशा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. इस हत्याकांड को अंजाम देने के बाद फरार चल रहे दोनों आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अनीस पाशा की कुछ दिनों पहले नमाज पढ़कर लौटने के दौरान सरेराह हत्या कर सनसनी फैला दी थी.

मुख्य आरोपी ने हत्या के बाद इंस्टा पर डाला था वीडियो

अनीस पाशा की हत्या के बाद मुख्य आरोपी मोहम्मद अरमान उर्फ अरशू ने ‘अरमान डिफाल्टर 444’ नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए वीडियो डाला था. उसके आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने दो अन्य सहयोगियों को भी दबोच लिया है. आरोपियों में रेहान और एक नाबालिग (अयान उर्फ अन्नू) शामिल है.

चुनावी रंजिश और अपमान का लिया बदला

कुंदरकी थाना पुलिस के मुताबिक पुरानी चुनावी रंजिश और निजी अपमान का बदला लेने के लिए हत्या की साजिश रची गई थी. आरोपी अरमान ने दावा किया था कि चुनाव के दौरान मृतक ने उसे चोरी के झूठे आरोप में पीटा था. इसका बदला उसने सरेआम गोलियां बरसाकर अनीस पाशा की हत्या कर लिया.

हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद

आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध तमंचे और कारतूस भी बरामद कर लिए गए हैं. पुलिस ने हत्या की धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच को और तेज कर दिया है. पुलिस के मुताबिक इन आरोपियों पर पहले भी जान से मारने की धमकी और फायरिंग के मामले दर्ज थे.

गहरी खुन्नस का परिणाम था हत्याकांड

​कुंदरकी पुलिस के मुताहिक अनीस हत्याकांड महज एक आकस्मिक घटना नहीं, बल्कि गहरी खुन्नस का परिणाम है. आरोपी अरमान ने सोच-समझकर हत्याकांड को अंजाम देने का प्लान बनाया था. फिर हत्या के बाद उसकी जिम्मेदारी भी ली. साथ ही वीडियो बनाकर प्रशासन को चुनौती भी दी थी.