मुरादाबाद भगवा यात्रा: ‘लव जिहाद’ झांकी ने मचाया तहलका, हिंदू समाज को किया सचेत
मुरादाबाद में 'भगवा यात्रा' के दौरान 'लव जिहाद' की झांकी ने लोगों का ध्यान खींचा. विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा आयोजित इस यात्रा में झांकी के माध्यम से हिंदू समाज को 'लव जिहाद' के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया. यह झांकी अब चर्चा का केंद्र बनी रही है.
मुरादाबाद में रविवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने श्री रामोत्सव और हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य ‘भगवा यात्रा’ निकाली. यात्रा के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला, जो चर्चा का केंद्र बनी रही है. इस यात्रा में यूं तो कई धार्मिक झांकियां शामिल थीं, लेकिन ‘लव जिहाद’ की थीम पर आधारित झांकी सबसे बड़ा आकर्षण केंद्र बनी.
मुरादाबाद के मुख्य बाजार में जैसे ही यह झांकी सड़कों से गुजरी, इसे देखने के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा है. इस झांकी के माध्यम से आयोजकों ने हिंदू समाज के युवाओं को जागरूक करने का संदेश दिया. यात्रा का आगाज़ एसएसके इंटर कॉलेज, बुध बाजार से हुआ, जहां युवाओं ने पारंपरिक लाठी पूजन कर अपनी शक्ति और संस्कृति का प्रदर्शन किया.
लव जिहाद झांकी ने सामाजिक विमर्श को हवा दी
यात्रा के दौरान पूरे मार्ग में हजारों कार्यकर्ताओं के हाथों में लहराते भगवा ध्वज और ‘जय श्री राम’ के उद्घोष ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय और जोश से भर दिया है. हालांकि, अन्य झांकियों के मुकाबले लव जिहाद पर केंद्रित प्रस्तुति ने न केवल भीड़ को रुकने पर मजबूर किया था, बल्कि सामाजिक विमर्श को भी हवा दे दी है, जिसमें गौ-हत्या को भी दर्शाया गया.
मुकेश सिक्का की अध्यक्षता और दीपांशु गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में निकली इस यात्रा ने सुरक्षा के कड़े पहरे के बीच शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, पुलिस प्रशासन ने ड्रोन और सीसीटीवी के माध्यम से पूरे रूट की निगरानी की, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके. यात्रा के जरीए हिंदूवादी नेताओं ने समाज की एकजुटता पर बल दिया.
समाज को चुनौतियों के प्रति सचेत करना उद्देश्य
विहिप के क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश विनायक खांडेकर ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य हिंदू शौर्य को जागृत करना और समाज को अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक करना है. यात्रा में शामिल ‘लव जिहाद’ की झांकी इसी जागरूकता अभियान का एक हिस्सा थी, जिसका उद्देश्य समाज को वर्तमान चुनौतियों के प्रति सचेत करना रहा है.
कार्यक्रम में प्रणीत गुप्ता, अभिनंदन अग्रवाल और संजीव वाल्मीकि जैसे गणमान्य लोग उपस्थित रहें. डीजे की धुन और भक्ति गीतों के बीच युवा भगवा झंडे लेकर झूमते रहे. स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया है, जिससे धार्मिक उत्साह दोगुना हो गया है. सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा.
मंडी चौक हनुमान मंदिर पर यात्रा का समापन
एसएसके इंटर कॉलेज से शुरू होकर यात्रा ताड़ी खाना, गुरुहट्टी चौक, बाजार गंज और अमरोहा गेट जैसे संवेदनशील इलाकों से गुजरी, जहां भारी पुलिस बल तैनात था. यात्रा का समापन मंडी चौक स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर पर हुआ. आयोजकों का मानना है कि ‘लव जिहाद’ जैसी झांकियां समाज के ज्वलंत मुद्दों को दर्शाती हैं और सचेत करती हैं.
