यूपी पंचायत चुनाव: 15 अप्रैल नहीं अब इस दिन आएगी वोटर लिस्ट, तीसरी बार टली तारीख

उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव की अंतिम मतदाता सूची अब 15 अप्रैल को जारी नहीं होगी. राज्य निर्वाचन आयोग ने कागजी कार्रवाई और तकनीकी देरी के चलते यह तारीख तीसरी बार बढ़ाई है. इस देरी से पंचायत चुनाव की तैयारियों पर असर पड़ेगा और चुनाव की घोषणा सूची प्रकाशन के बाद ही होगी.

पंचायत चुनाव की तैयारी के बीच मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख फिर बढ़ी

उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की तैयारी के बीच मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तारीख एक बार फिर टल गई है. राज्य निर्वाचन आयोग ने अब अंतिम सूची 22 अप्रैल को जारी करने का फैसला लिया है. यह तीसरी बार है जब आयोग ने समयसीमा बढ़ाई है. पहले 15 अप्रैल को लिस्ट आने वाली थी. इस देरी से पंचायत चुनाव की तैयारियों पर असर पड़ेगा.

आयोग ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर संशोधित कार्यक्रम जारी कर दी है. इसके मुताबिक, 21 अप्रैल तक मतदाता सूचियों का कंप्यूटरीकरण, मतदेय स्थलों की मैपिंग, वार्डों का क्रमांकन और फोटो प्रतियों का तैयार करना पूरा कर लिया जाएगा. इन सभी कामों के पूरा होने के बाद 22 अप्रैल को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.

आपत्तियां की सुनवाई और निस्तारण का काम पूरा

आयोग के सूत्रों के अनुसार, कागजी कार्रवाई और तकनीकी प्रक्रिया में कुछ देरी हुई है, जिसके चलते सात दिन का समय बढ़ाना पड़ा. 23 दिसंबर 2025 को आयोग ने मतदाता सूची का पुनरीक्षण कर अनंतिम सूची जारी की थी. उसमें कुल 12.69 करोड़ मतदाता दर्ज थे, जो पिछले पंचायत चुनाव की तुलना में 40.19 लाख अधिक हैं.

आयोग ने इस सूची पर दावे और आपत्तियां मांगी थीं. पूरे प्रदेश से लाखों आपत्तियां आईं, जिनकी सुनवाई और निस्तारण का काम पूरा हो चुका है. अब 22 अप्रैल को जब अंतिम सूची आएगी, तभी मतदाताओं की असली बढ़ोतरी और कुल संख्या का सही आंकड़ा सामने आएगा. यह आंकड़ा पंचायत चुनाव की तैयारियों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.

इसके बाद पंचायत चुनाव प्रक्रिया तेज होने की उम्मीद

पंचायत चुनाव की तारीख को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है. मतदाता सूची की अंतिम प्रकाशन तिथि में लगातार विलंब के कारण स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव की घोषणा सूची प्रकाशन के बाद ही की जाएगी. उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की पूरी प्रक्रिया अब 22 अप्रैल के बाद तेज होने की उम्मीद है.

Follow Us