‘लला नीचे उतर आओ, करवा देंगे ब्याह…’, प्यार के लिए टावर पर चढ़ा सफाईकर्मी, मां की मिन्नतों से उतरा

आज कल प्रेम-प्रसंग में मोबाइल टावर पर चढ़ने का चलन ज्यादा है, लोग अपनी बात मनवाने के लिए ऐसे खौफनाक कदम उठाने से बाज नहीं आते. ऐसा ही एक नया मामला इटावा से आया है, जहां एक सफाई कर्मचारी प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया.

प्रेमिका से शादी की जिद में टावर पर चढ़ा सफाई कर्मचारी

इटावा के बसरेहर कस्बे में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गया. काफी देर तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बीच युवक की मां रोते हुए उसे नीचे उतरने की मिन्नतें करती रही. पुलिस की समझाइश और परिवार के आश्वासन के बाद आखिरकार युवक सुरक्षित नीचे उतर आया.

कस्बा बसरेहर निवासी सुनील बाल्मीकि, जो इटावा के विकास भवन में सफाई कर्मचारी है. वह किल्ली तिराह के पास नई बस्ती में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. युवक के टावर पर चढ़ते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि यह कदम लड़की के परिजनों द्वारा शादी से इनकार के कारण उठाया गया.

मां की भावुक अपील सुनकर लोगों की आंखें नम

प्रेम-प्रसंग में अपनी बात मनवाने के लिए युवक ने यह खौफनाक कदम उठाया. सफाई कर्मचारी अपनी प्रेमिका से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ा था. घटना के दौरान युवक की मां मौके पर पहुंची और रोते हुए उसे नीचे उतरने की गुहार लगाने लगी. वह बार-बार कहती रही, लला नीचे उतर आओ, करवा देंगे ब्याह, अब लोग मानेंगे.

मां की भावुक अपील सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं और माहौल भावुक हो उठा. बताया गया कि युवक क्षेत्र की ही एक युवती से प्रेम करता है और उससे शादी करना चाहता है. युवक का आरोप है कि युवती भी शादी के लिए तैयार है, लेकिन उसके परिजन इस रिश्ते के खिलाफ हैं और उसके साथ मारपीट करते हैं.

युवती के पहुंचने के बाद युवक नीचे उतर आया

इसी बात से आहत होकर युवक टावर पर चढ़ गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे तक युवक को समझाया. इस दौरान युवती के मौके पर पहुंचने के बाद युवक नीचे उतर आया. पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां समझौते के प्रयास किए जा रहे हैं. थाना अध्यक्ष सौरभ सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश जारी है.

Follow Us