झांसी में उमा भारती की ट्रेन छूटी, चेन पुलिंग कर रोका; पूर्व CM ने रेलवे पर मढ़ा दोष
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के लिए झांसी रेलवे स्टेशन पर चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोकी गई. उमा भारती के बैठने तक पंजाब मेल को 6 मिनट से अधिक रोका गया. उमा भारती ने रेलवे को जिम्मेदार ठहराया है, उनका दावा है कि ट्रेन समय से पहले आई थी और तय समय के पहले प्रस्थान कर गई.
मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता उमा भारती रविवार को झांसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़े पहुंची थी. लेकिन जब तक वो प्लेटफॉम पर पहुंचती, ग्रीन सिग्नल के बाद ट्रेन खुल चुकी थी. आखिर में किसी ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई. इस दौरान 6 मिनट तक पंजाब मेल झांसी में खड़ी रही. वहीं, पूर्व सीएम ने इसको लेकर रेलवे पर ठीकरा फोड़ा है.
उमा भारती, झांसी से दिल्ली जाने के लिए पंजाब मेल पकड़ने पहुंची थीं. लेकिन ट्रेन निर्धारित समय पर छूटने से वह उसमें सवार नहीं हो पाईं. उन्होंने अपने X पोस्ट के जरिए रेलवे पर दोष मढ़ते कहा कि चेन पुलिंग में मेरी नहीं, रेल अधिकारियों की गलती है. ट्रेन निर्धारित समय से पूर्व टाइम पर झांसी आ गई और निर्धारित समय से पहले प्रस्थान हो गई.
‘किसने चेन खींची और मुझे ट्रेन में बैठा दिया गया’
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने इस घटना को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री को ट्वीट किया है. उमा भारती ने एक्स पर लिखा, मैंने पहले मथुरा रेलवे स्टेशन की यात्रियों की बात लिखी है. मेरे साथ आज फिर झांसी रेलवे स्टेशन पर चढ़ते हुए एक घटना हो गई जिसमें कोई अपराधी नहीं है बल्कि स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाओं के निर्माण में संवेदनशीलता का अभाव कारण बना है.’
उन्होंने बताया कि वो झांसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन आने के पहले आ गई थी और यह ट्रेन निर्धारित समय से पूर्व टाइम पर झांसी आ गई और निर्धारित समय से पूर्व प्रस्थान हो गई. उन्हें बैटरी गाड़ी में बैठाकर प्लेटफॉर्म नंबर 1 से 4 नंबर की तरफ ले जाया जा रहा था, जिस ट्रेन में बैठना था वह चलती जा रही थी फिर किसने चेन खींची और मुझे ट्रेन में बैठा दिया गया.
ट्रेन का समय से 2 मिनट पहले निकल जाना- कारण
उमा भारती का कहना है कि शारीरिक असमर्थता के कारण वो पहले ही रेलवे-स्टेशन पहुंच गई थी. रेलवे विभाग के अधिकारी ने समर्थता को लेकर बैटरी गाड़ी की व्यवस्था की थी क्योंकि एक्सीलेटर पर भी मुझे तकलीफ हो सकती थी. सब कुछ समय के अनुसार था किसी से कोई भूल नहीं थी. इसमें पहला कारण था ट्रेन का समय से 2 मिनट पहले निकल जाना.
साथ ही कहा कि फिर जिस ट्रैक को मुझे पार करना था उस पर अचानक लंबे समय तक ट्रेन का गुजरना और इस ट्रैक पर एक हाथ ठेले का फंसा हुआ होना इसके लिए कौन जिम्मेदार हो सकता है? सिवाय इसके कि हमें रेलवे का आधुनिकरण करना चाहिए लेकिन पुरानी व्यवस्थाओं को सजग भी रखना चाहिए. उन्होंने कहा कि वो इसपर रेल मंत्री से मिलकर बात करेंगी.
