मुरादाबाद में ड्यूटी के बीच सिपाही की संदिग्ध मौत, सीने में लगी थी गोली; पुलिस महकमे में सनसनी
मुरादाबाद के बिलारी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक 30 वर्षीय सिपाही ने कथित रूप से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. सिपाही का शव कमरे में खून से लथपथ मिला है. इस दर्दनाक घटना से पुलिस महकमे में शोक की लहर है. फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी है.
मुरादाबाद में मंगलवार की ढलती शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. बिलारी कोतवाली में तैनात करीब 30 वर्षीय कांस्टेबल मोनू सागवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. सिपाही का शव खुन से लथपथ मिला, जिसमें सीने पर गोली के निशान थे. इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे पुलिस प्रशासन और स्थानीय महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.
जानकारी क मुताबिक, मोनू सागवान मूल रूप से गौतमबुद्ध नगर के दादरी थाना क्षेत्र के गांव छपार के रहने वाले थे. वह चार सालों से बिलारी कोतवाली में तैनात थे. सिपाही का शव बिलारी इलाके के मिल रोड स्थित एक निजी आवास में मिला है. घटना की जनकारी मिलते ही पुलिस के आला आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की है.
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने लिया जायजा
पुलिस को 1 सितंबर 2026 की शाम लगभग साढ़े छह बजे घटना की सूचना मिली थी. आनन-फानन में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लहूलुहान अवस्था में पड़े जवान को उपचार के लिए तुरंत सीएचसी बिलारी ले जाया गया. लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने सिपाही को देखते ही मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजा है.
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया. एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया. फॉरेंसिक टीम को बुलाकर मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किस परिस्थिति में चली, किसने चलाई और सिपाही ने ऐसा किया तो इसके पीछे क्या वजह थी.
व्हाट्सएप चैट और आखिरी कॉल से खुलेगा राज
इस आत्मघाती कदम से पुलिस विभाग स्तब्ध है. पुलिस ने बिना किसी देरी के सिपाही के परिजनों को इस त्रासदी के बारे में सूचित कर दिया है. जवान की अकाल मौत से परिवार में कोहराम मच गया है. वहीं साथ काम करने वाले पुलिसकर्मी भी गहरे सदमे में हैं. जानकारी मिली है कि पुलिस की सूचना पर परिजन मुरादाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं.
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने खुद मौके का मुआयना किया है. हालांकि, मौत की असली वजह अब तक पूरी तरह अस्पष्ट है. पुलिस सिपाही के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, व्हाट्सएप चैट और कमरे से मिले अन्य सामान की गहराई से छानबीन कर रही है. पुलिस अफसर हर उस पहलू को खंगाल रहे हैं, जिससे मौत के पीछे की मुख्य वजह का खुलासा हो सके.
