जबरन बुर्का पहनाया, नॉनवेज भी खिलाया… मुरादाबाद में 12वीं की छात्रा गिरफ्तार; धर्मांतरण के लगे आरोप
मुरादाबाद में पुलिस ने एक 12वीं के छात्रा को धर्म परिवर्तन के दबाव के आरोप में गिरफ्तार किया है. छात्रा पर अपने एक हिंदू सहेली को जबरन बुर्का पहनाने के आरोप हैं. पीड़िता के भाई ने नॉनवेज खिलाने का भी संगीन आरोप लगाया था. आरोपी छात्रा को बाल सुधार गृह भेजा गया है.
मुरादाबाद के बिलारी में जबरन बुर्का पहनाने वाली मुस्लिम छात्रा को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया. 12वीं के छात्रा पर अपनी हिंदू सहेली पर धर्म परिवर्तन के दबाव बनाने का आरोप है. साथ ही उसपर नॉनवेज खिलाने का भी संगीन आरोप लगाया गया था. यह घटना सीसीटीवी में भी कैद हुई थी, जिसके वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ लिया था.
जानकारी के मुताबिक, बिलारी थाना इलाके के मोहल्ला अब्दुल्ला निवासी एक युवक ने 22 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. आरोप था उसकी बहन शाहकुंज स्थित एक कोचिंग केंद्र में ट्यूशन पढ़ने के लिए जाती थी. इस दौरान पांच सहपाठी छात्राएं उसकी बहन को बुर्का पहनने को मजबूर करती हैं और मुस्लिम धर्म स्वीकार करने का दबाव बना रही हैं.
‘बुर्का पहन ले… बुर्का पहनने के बाद अच्छी लगेगी’
पीड़िता के भाई ने छात्राओं पर अपनी बहन को नॉनवेज खिलाने का भी आरोप लगाया था. साथ ही धर्मांतरण के गहरी साजिश होने की आशंका जताई थी. इस मामले में चार छात्राएं सहसपुर और एक थामला गांव की रहने वाली हैं, जिसको लेकर पीड़ित ने बिलारी थाने में लिखित में शिकायत दी थी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था और जांच में जुट गई थी.
बिलारी थाना इलाके के कोचिंग इंस्टिट्यूट के बाहर कई छात्राओं का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें वह एक छात्रा को बुर्का पहनाती हुई दिखाई दे रही थीं. सीसीटीवी वीडियो में यह कहा जा रहा था कि बुर्का पहन ले… बुर्का पहनने के बाद अच्छी लगेगी. इस वीडियो के वायरल हो जाने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था, हिंदू संगठन ने भारी विरोध जताया था.
आरोपी छात्रा को बाल सुधार गृह नोएडा भेजा गया
घटना को लेकर हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने बिलारी पुलिस से मामले की जांच की मांग उठाई थी. वहीं, पुलिस ने मामले की जांच करते हुए आज 17 वर्षीय आरोपी किशोरी छात्रा को गिरफ्तार किया. आरोपी छात्रा को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल सुधार गृह नोएडा भेज दिया गया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.