गोरक्षा सेना का सिपाही निकला गोकशी गैंग का सरगना, वसूली के आरोप में पुलिस ने पकड़ा; पहुंचा जेल

मुरादाबाद पुलिस ने गोरक्षा सेना के पूर्व पदाधिकारी आसिम को गोकशी और अवैध वसूली गैंग चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी खुद को गोरक्षक बताकर निर्दोषों को फंसाने के लिए प्रतिबंधित पशु अवशेष प्लांट करता था और फिर ब्लैकमेल कर मोटी रकम वसूलता था. पुलिस ने तमंचा और धारदार उपकरण बरामद कर उसे जेल भेज दिया है, जबकि उसका साथी फरार है.

गोकशी गैंग का सरगना अरेस्ट Image Credit:

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की पुलिस ने गोकशी और वसूली गैंग के सरगना को अरेस्ट किया है. खुद को भारतीय गोरक्षा सेना का पूर्व राष्ट्रीय/प्रांतीय महासचिव बताने वाला आरोपी आसिम यहां गोकशी और अवैध वसूली गैंग चल रहा था. मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना पुलिस ने आरोपी को याकूतपुर छपर्रा कट के पास से अरेस्ट किया है. हालांकि इस दौरान आरोपी का एक साथी वहां से भागने में सफल हो गया.

पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान वीरपुर थाना क्षेत्र के मिलक (झंडे वाली) निवासी आसिम के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले धारदार उपकरण बरामद किए हैं. इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की सूचना फैलते ही दक्षिणपंथी संगठन के तमाम कार्यकर्ता और पदाधिकारी विरोध दर्ज कराने मूंढापांडे थाने पहुंचकर हंगामा करने लगे. हालांकि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सबूत दिखाए तो सभी शांत होकर वापस लौट गए.

छह महीने पहले तक करता था गोकशी

पुलिस के पूछताछ में आरोपी ने बताया कि छह महीने पहले तो वह गोकशी करता रहा है. इसकेअलावा वह अक्टूबर 2025 में मंझरा दौलारी की एक पॉपुलर नर्सरी में प्रतिबंधित पशुओं के अवशेष खुद प्लांट किया था. इसका उद्देश्य बेकसूरों को फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलना था. पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

चला रहा था वसूली गैंग

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लंबे समय से गोकशी की घटनाओं में लिप्त था. साथ ही वह इलाके में वसूली नेटवर्क भी चला रहा था. आरोपी ने बताया कि वह बेकसूर लोगों के ठिकानों पर पशुओं के अवशेष छिपाकर ब्लैकमेल करता था और फिर उनसे अवैध वसूली करता था. पुलिस ने इस आरोपी के अपराधों की लंबी लिस्ट तैयार की है.

Follow Us