3 वीडियो बनाया, फिर गले लगाया मौत; नर्सिग कर्मी ने क्यों की खुदकुशी? 2 महीने पहले हुई थी शादी
बरेली में नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी ने दूसरी शादी के दो माह बाद आत्महत्या कर ली. मौत से पहले तीन वीडियो में उन्होंने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना, चोरी व धोखे का आरोप लगाया। परिवार ने जहर देकर हत्या का दावा किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है, जिसमें ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. कुलदीप का एक 13 वर्षीय बेटा भी है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में एक नर्सिंग असिस्टेंट ने संदिग्ध परिस्थिति में खुदकुशी कर ली है. दो महीने पहले ही इसकी शादी हुई थी. मामला बरेली में सुभाषनगर इलाके का है. पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान नर्सिंग असिस्टेंट कुलदीप गोस्वामी के रूप में हुई है. मौत से पहले कुलदीप ने अपने मोबाइल फोन से तीन वीडियो रिकॉर्ड किए थे, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. इन वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए अपनी दूसरी पत्नी गुंजन, साली रीना, साढ़ू सतीश और साले अमित को जिम्मेदार बताया है.
वहीं, कुलदीप के परिवार वालों का कहना है कि उसे जहर देकर मारा गया है. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. इसमें मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है. कुलदीप के पिता सत्यपाल गोस्वामी ने कैंट थाने में पत्नी गुंजन, उसके भाई अमित, बहन रीना और रीना के पति सतीश के खिलाफ तहरीर दी है.
वीडियो में बयां किया दर्द
मौत से पहले रिकॉर्ड किए गए तीन वीडियो में कुलदीप ने कहा कि घटना की पूरी कहानी बयां की है. कहा कि उसकी दूसरी शादी करीब दो महीने पहले गुंजन से हुई थी. शादी के बाद घर से अचानक नकदी और जेवर गायब होने लगे. एक बार उसने खुद अपनी पत्नी को 70 हजार रुपये घर से चुराकर अपनी बहन रीना को देते हुए देखा था. पूछने पर पत्नी ने इसे उधार बताया, लेकिन बाद में घर से सोना-चांदी और अन्य सामान भी गायब होने लगे.
प्रताड़ना के भी लगाए आरोप
वीडियो में कुलदीप ने आरोप लगाया कि पत्नी और उसके मायके वाले उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे. पत्नी के भाई अमित पर परिवार की महिलाओं के साथ गलत व्यवहार करने के आरोप लगाते हुए कहा कि शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई. कुलदीप ने पुलिस पर भी मामले की सुनवाई नहीं करने का आरोप लगाया. आखिर में उसने अपने 13 वर्षीय बेटे उत्कर्ष के नाम आखिरी संदेश दिया. इसमें बेटे से बाबा-दादी का ध्यान रखने और पढ़-लिखकर नाम रोशन करने की बात कही.
ससुराल में जहर देने का आरोप
मृतक के भाई विनायक गोस्वामी का आरोप है कि शुक्रवार रात गुंजन ने कुलदीप को फोन कर सदर कैंट स्थित अपनी बहन के घर बुलाया था. वहां पत्नी, साली, साढ़ू और साले ने उनके साथ मारपीट की और जहर दे दिया. इसकी जानकारी कुलदीप ने फोन पर खुद दी थी. बाद में वह मेयर कार्यालय के पास सड़क किनारे वह अचेत अवस्था में मिला. जानकारी होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई.
पहली पत्नी से हुआ था तलाक
जानकारी के मुताबिक कुलदीप की पहली शादी करीब 15 साल पहले हुई थी, जिससे उनका एक बेटा है. तीन साल पहले तलाक के बाद इस साल 15 अप्रैल को उन्होंने दूसरी शादी की थी. शादी के कुछ ही दिनों बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. पत्नी ने भी पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था, जबकि देवर पर छेड़छाड़ का आरोप भी लगाया था. अब कुलदीप के वायरल वीडियो, परिवार के आरोप और दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
