मुरादाबाद: क्रिकेट विवाद के समझौते में चलीं गोलियां, सपा नेता और कारोबारी गुट के 5 घायल
मुरादाबाद के भोजपुर में क्रिकेट विवाद के समझौते ने हिंसक रूप ले लिया. सपा नेता महमूद कमाल और कारोबारी तस्लीम के गुटों में लाठी-डंडों और गोलीबारी से झड़प हुई, जिसमें 5 लोग घायल हुए. एसपी देहात ने बताया कि FIR दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. गोलीबारी में महमूद कमाल के माथे पर छर्रे लगे हैं.
मुरादाबाद के भोजपुर थाना इलाके ताजपुर मासी में क्रिकेट विवाद के समझौते ने हिंसक रूप ले लिया. वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच सरेराह हुई फायरिंग ने इलाके में सनसनी फैला दी है. इस घटना में समाजवादी पार्टी के नेता और कारोबारी गुट के पांच लोग घायल हुए हैं. एसपी देहात ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं.
एसपी (देहात) कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि विवाद की जड़ करीब 3-4 दिन पहले क्रिकेट खेलने के दौरान हुई कहासुनी थी, कल रात जब दोनों पक्ष इस मसले पर समझौते के लिए एकत्र हुए थे, तभी बातचीत बिगड़ने पर उनके बीच तीखी बहस हो गई थी, देखते ही देखते विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. इसमें लाठी-डंडों से मारपीट के फायरिंग भी की गई.
गोलीबारी में सपा नेता के माथे पर लगे हैं छर्रे
बताया जा रहा है कि सपा लोहिया वाहिनी के महानगर अध्यक्ष महमूद कमाल अपने साथियों के साथ एक चाय की दुकान पर बैठे थे. यही पर दो दिन पहले हुए क्रिकेट विवाद के समझौते के लिए पंचायत बुलाई गई थी. इसी दौरान सपा नेता और दूसरे पक्ष के आसिम, तस्लीम और उनके साथियों से बीच कहासुनी हुई और मामला फायरिंग तक पहुंच गई.
इस गैंगवार में समाजवादी पार्टी के नेता महमूद कमाल और ई-कचरा कारोबारी तस्लीम के पक्षों से कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गोलीबारी में सपा नेता के सिर पर छर्रे लगे हैं. घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं.
वर्चस्व की रंजिश जैसे सभी पहलुओं से जांच
एसपी देहात ने बताया, पीड़ितों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस अवैध हथियारों के उपयोग और वर्चस्व की रंजिश जैसे सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. प्रशासन ने कहा की है कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और साक्ष्यों के आधार पर सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी.
