यूपी में डिप्टी सीएम vs अखिलेश! रील पर जुबानी जंग जारी, अब पंकज चौधरी ने कसा तंज
बुद्ध पूर्णिमा पर यूपी के दोनों डिप्टी सीएम के कुशीनगर वीडियो पर राजनीतिक घमासान मचा है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रील शेयर करते हुए तंज कसा था. इसपर दोनों डिप्टी सीएम की ओर से भी पलटवार हुआ. अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तंज के अंदाज में ही अखिलेश यादव को जवाब दिया है.
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने बुद्ध पूर्णिमा पर कुशीनगर स्थित बुद्ध परिनिर्वाण स्थल से वीडियो बना कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था. इस वीडियो के आने के बाद से नेताओं के बीच सोशल मीडिया वॉर जारी है. इसकी शुरूआत समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा वीडियो शेयर कर तंज कसने से हुआ.
अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा था कि ‘दो स्टूलों को मिलाने से कुर्सी नहीं बनती’. इसपर दोनों डिप्टी सीएम की ओर से भी पलटवार हुआ. वहीं, अब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने तंज के अंदाज़ में ही अखिलेश यादव को जवाब दिया है. उन्होंने एक्स पर सपा नेता को रिप्लाई करते लिखा, ‘कमल से साइकिल है जलती, इस तरह रोने से किस्मत नहीं बदलती.’
सिर्फ तुष्टिकरण से सत्ता नहीं मिलती- पंकज चौधरी
अखिलेश यादव ने अपने X पोस्ट में दोनों डिप्टी सीएम का वीडियों शेयर कर लिखा था कि, ‘आप दोनों तो (दिखाने को) एक साथ हैं पर जो मुख्य हैं वो कहां हैं? क्या वो आपसे अलग हैं या आप दोनों को उन्होंने अलग कर दिया है. उन्होंने आप दोनों को उस एक संकरी पंगडंडी पर लाकर खड़ा कर दिया है जिस पर दो के चलने की जगह भी नहीं हैं.’
इसपर पहले तो सिलसिलेवार तरीके से दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर पलटवार किया. अब प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अखिलेश की तरह की तंज कसते लिखा, ‘कमल से साइकिल है जलती, इस तरह रोने से किस्मत नहीं बदलती. सिर्फ तुष्टिकरण से सत्ता नहीं मिलती. हार की हैट्रिक से बौखलाहट है दिखती.’
सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह- ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर पलटवार करते कहा, ‘आज के नए उत्तर प्रदेश की सुपर जोड़ी की चर्चा सब जगह है. इसलिए अखिलेश जी मैं आपकी परेशानी को समझ सकता हूं. मेरे परम मित्र और पारिवारिक सदस्य केशव प्रसाद मौर्य और मेरे घर के दरवाजे जनता की सेवा के लिए 24 घंटे खुले हैं. हम धरातल पर काम करने में भरोसा रखते हैं.’
उन्होंने सपा नेता पर हमला करते कहा कि तुष्टीकरण और कुत्सित राजनीति आपकी वही पुरानी नीति है, जनता सब जानती है. कुर्सी मोह से ग्रसित कुत्सित राजनीति का जनता पर असर नहीं होने वाला है. मेरी आपको सलाह है कि फर्जी बयानों में कुछ नहीं रखा है. चुनावो में जनता लगातार आपको आईना दिखाती रहती है और आगामी चुनावों में भी दिखाएगी.’
एक फिट और हिट जोड़ी से घबराना जायज- मौर्य
वहीं, केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव को जबाव देते हुए कहा, ‘एक फिट और हिट जोड़ी से आपका घबराना निहायत ही जायज है. आपकी जानकारी के लिए यह अच्छा भी है क्योंकि केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक जी की जोड़ी आज जनता के भरोसे की पहचान बन चुकी है. मैं, सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य के वंश का प्रतिनिधि हूं और अखंड भारत के लिए संकल्पित हूं.’
उन्होंने कहा कि लेकिन योजनाबद्ध तरीके से आपके संरक्षण में शाक्य समाज सहित कुशवाहा, मौर्य, सैनी और अन्य वंचित व कमजोर वर्गों पर किए गए अत्याचारों को देश-प्रदेश न भूला है और न ही भूलेगा. इन अन्यायों का जवाब आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से कमल खिलाकर दिया जाएगा. 2047 तक हर अन्याय का पूरा हिसाब किया जाएगा.
