पत्नी को देर शाम दी जान से मारने की धमकी, सुबह होते चाकू से गोद डाला; क्यों हैवान बना पति?

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में घरेलू हिंसा का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति मोहम्मद रिजवान ने पत्नी मरजीना को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. पीड़िता की हालत नाजुक है. आरोपी पति पहले भी जान से मारने की धमकी दे चुका था. ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है. परिजन कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

मौके पर पहुंची यूपी पुलिस

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां बिलारी थाना इलाके के रुस्तम नगर सहसपुर में रहने वाली एक महिला को खुद उसके पति ने ही बुरी तरह से चाकू घोंप दिया. इससे पहले आरोपी पति ने महिला को हत्या की धमकी दी थी. पति के साथ विवाद के बाद यह महिला अपने मायके में रह रही थी. इस वारदात में गंभीर रूप से घायल इस 40 वर्षीय महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.

पुलिस के मुताबिक पीड़िता की पहचान मरजीना के रूप में हुई है. उसके ऊपर हमला उसके पति मोहम्मद रिजवान ने ही किया है. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान अवस्था में जमीन पर गिर कर तड़पने लगी. चीख पुकार सुनकर पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है. उधर, वारदात को अंजाम देकर भाग रहे आरोपी पति मोहम्मद रिजवान को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ लिया है.

कई दिन से वारदात की फिराक में था आरोपी

महिलजा के परिजनों का आरोप है कि आरोपी पति नशे की हालत में पिछले कई दिनों से महिला की जान लेने की फिराक में था. एक दिन पहले ही उसने महिला के घर में घुसकर उसे जान से मारने की धमकी दी और अगली ही सुबह उसने वारदात को अंजाम भी दे दिया. परिजन मोहम्मद असलम और ग्रामीणों ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे घटना की जानकारी मिली थी. जब लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी पति वारदात को अंजाम देकर ईंख के खेतों की ओर भाग रहा था. उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है.

पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग

पीड़िता के परिजनों ने अब आरोपी पति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. कहा कि वह नशे का आदी है और पिछले कई दिनों से पीड़िता की हत्या की ताक में था. बताया कि वारदात के एक दिन पहले वह हथौड़ा लेकर घर में घुसा था, जिसे परिजनों ने छीनकर पुलिस को सूचना दी. लेकिन पुलिस के आने से पहले वह भाग निकला था. अगले दिन सुबह जब परिवार के लोग काम पर चले गए तो आरोपी मौका देखकर घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया है.

Follow Us