UP में BSP के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, कैंसर से पीड़ित थे

रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का मंगलवार की देर शाम लंबी बीमारी से निधन हो गया. वह यूपी में बसपा के इकलौते विधायक थे और काफी समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे. उनके निधन की सूचना आते ही न केवल उनके विधानसभा क्षेत्र, बल्कि पूरे बलिया जिले में शोक की लहर दौड़ गई.

बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह

उत्तर प्रदेश में रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह का मंगलवार की देर शाम लंबी बीमारी से निधन हो गया. वह यूपी विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक थे और काफी समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे. उनका इलाज दिल्ली के अस्पताल में चल रहा था, जहां इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई. उनके निधन की सूचना आते ही न केवल उनके विधानसभा क्षेत्र, बल्कि पूरे बलिया जिले में शोक की लहर दौड़ गई.

इसी साल फरवरी महीने में जब आयकर विभाग की टीम ने उनके लखनऊ और बलिया स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी, उस समय भी वह अस्पताल में थे. इसको लेकर मीडिया में काफी चर्चा हुई थी. उस समय उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भी उनकी बीमारी के बीच आयकर विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाया था. बता दें कि उमाशंकर सिंह बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक रहे हैं.

पहली बार 2012 में बने विधायक

पहली बार वह साल 2012 में चुने गए. इसके बाद 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी जीत दर्ज की. 2022 के चुनावों में जीत के बाद वह प्रदेश की 18वीं विधानसभा में बसपा के इकलौते विधायक रह गए. 2 जनवरी 1971 को रसड़ा के खनवर गांव में पैदा हुए उमाशंकर सिंह का स्थानीय लोगों से काफी जुड़ाव था. वह अपने विधानसभा क्षेत्र में रहने वाले हरेक व्यक्ति के सुख और दुख में शरीक होते थे. उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरूआत की.

हर साल कराते थे बेटियों की शादी

उमाशंंकर सिंह समाजिक सरोकार में भी काफी दखल रखते थे. वह हर साल जिले में गरीब बेटियों की शादी करते थे और उनका कन्यादान करते थे. इसके अलावा जरूरतमंदों के लिए अपने घर का दरवाजा हमेशा के लिए खुला छोड़ रखा थ. उन्होंने छात्र शक्ति के नाम से अपनी कंस्ट्रक्शन कंपनी भी बनाई है. इस समय बलिया एवं आसपास के जिलों में हो रहे ज्यादातर कंस्ट्रक्शन का काम उनकी ही कंपनी कर रही है.

मायावती ने जताया शोक

उमाशंकर सिंह के निधन पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने शोक जताते हुए सोशल मीडिया X पर पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा है कि वह पार्टी के कर्मठ, ईमानदार व पूरी तरह से वफादार नेता थे. मायावती ने उनके परिवार तथा उनके सभी चाहने वालों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि उनकी निष्ठा की जितनी भी तारीफ की जाए, कम है. उनका पूरा परिवार बीएसपी परिवार की तरह है तथा उनके परिवार के सभी लोग मुझे बड़ी बहन की तरह ही पूरा आदर-सम्मान देते हैं.

Follow Us