कर्ज के दबाव में बने लुटेरे, 1.38 करोड़ की लूट में हैरतंगेज खुलासा; सगे भाइयों समेत 5 गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा में हुई ₹1.38 करोड़ की सनसनीखेज लूट का खुलासा हुआ है. दो सगे भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का पूरा माल बरामद कर लिया है. पूछताछ में सामने आया कि कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने फाइनेंस कारोबार से हुए नुकसान के बाद इस डकैती की योजना बनाई थी.
राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में हुए 1.38 करोड़ की लूटकांड में हैरतंगेज खुलासा हुआ है. यह वारदात दो सगे भाइयों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया था. पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को अरेस्ट कर लिया है. इस वारदात में बदमाशों ने यमुना एक्सप्रेसवे पर चांदी व्यापारी के साथ मारपीट कर 1.38 करोड रुपए की लूट को अंजाम दिया था. वारदात का खुलासा ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना एसओजी और इकोटेक 1 की सयुंक्त टीम ने किया है.
पुलिस ने लूट का पूरा माल और वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है. पुलिस के मुताबिक आरोपियों से हुई पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. दरअसल गैंग के मुखिया अमित और अंकुर दोनों सगे भाई हैं. जबकि तीसरा आरोपी हिमांशु उनका साला है. वहीं दो अन्य इनके साथी हैं. पूछताछ में पता चला कि अमित और अंकुर फाइनेंस का काम करते हैं और उन पर करोड़ों रुपए का कर्ज था. आर्थिक तंगी से बाहर निकालने के लिए ही इन्होंने व्यापारी की रैकी की और इस लूट को अंजाम दिया.
ऐसे लिखी वारदात की पटकथा
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका कोई गैंग नहीं है. बल्कि वह पहले फाइनेंस का कारोबार करते थे. इस कारोबार में उन्हें भारी नुकसान होने के बाद उन पर करोड़ों रुपए का कर्ज चढ गया. कर्ज चुकाने का कोई रास्ता नहीं सूझा तो उन्होंने आसानी से पैसा बनाने की लालच में लूट की योजना बना डाली. इसके बाद आरोपियों ने कई सप्ताह तक दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी बाजार में व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी. फिर पीछा करते हुए इस व्यापारी के साथ वारदात को अंजाम दिया.
बरामद हुआ पूरा माल
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लगभग एक करोड़ 38 लख रुपए कीमत का लूट का माल बरामद कर लिया है. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की कार भी पुलिस ने जप्त कर ली है. डीसीपी ग्रेटर नोएडा के मुताबिक आरोपियों ने रैकी करने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अब पुलिस इन आरोपियों की क्रिमिनल हिस्ट्री खंगालने में जुटी है.
